खेसारी का मैथिली ठाकुर पर तंज, बोले- कम उम्र में कामयाबी मिलने पर लोग संस्कार भूल जाते हैं

भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने हाल ही में मैथिली ठाकुर और मनोज तिवारी द्वारा दी गई बयानबाजी पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Feb 21, 2026, 4:23:00 PM

भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने हाल ही में मैथिली ठाकुर और मनोज तिवारी द्वारा दी गई बयानबाजी पर अपनी तीखी प्रतिक्रिया दी है। पटना एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने संस्कारों और राजनीति की मर्यादा पर जोर दिया। 

मैथिली ठाकुर द्वारा तेजस्वी यादव की तुलना 'दुर्योधन' और लालू प्रसाद यादव की 'धृतराष्ट्र' से करने पर खेसारी लाल यादव ने कड़ा ऐतराज जताया। उन्होंने कहा कि मैथिली का ज्ञान अभी बहुत कम है। खेसारी के अनुसार, "कम उम्र में उपलब्धियां मिल जाती हैं तो इंसान अक्सर अपनी सीमाएं लांघ जाता है। राजनीति में आने का मतलब यह नहीं कि आप इंसानियत और संस्कार भूल जाएं"। उन्होंने आगे जोड़ा कि देश और समाज को अब पढ़े-लिखे और अनुभवी लोगों की जरूरत है जो सोच-समझकर भाषा का प्रयोग करें। 

भाजपा सांसद मनोज तिवारी द्वारा राजद को 'गड्ढा' बताने और एक गाने के जरिए उन पर तंज कसने के सवाल पर खेसारी लाल ने संयमित रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि मनोज तिवारी उनके बड़े भाई की तरह हैं और वह हमेशा उनका सम्मान करते रहेंगे। खेसारी ने कहा, "वह एक राजनेता हैं और राजनीति में इस तरह की बयानबाजी चलती रहती है। वह जहाँ हैं उनके लिए ठीक है, मैं जहाँ हूँ मेरे लिए बेहतर है"। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी को भला-बुरा कहने से बिहार की उन्नति नहीं होगी, बल्कि काम करने से होगी।