जन सुराज पार्टी ने किया संगठन पुनर्गठन का आगाज, सबसे पहले संगठन जिला पूर्वी चंपारण की सूची जारी

जन सुराज पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव के परिणामों के बाद अपनी सभी जिला संगठनों को भंग कर दिया था

मोतिहारी: जन सुराज पार्टी ने बिहार विधानसभा चुनाव के परिणामों के बाद अपनी सभी जिला संगठनों को भंग कर दिया था। पार्टी ने नए सिरे से सभी संगठनों को खड़ा करने की घोषणा की थी। इसी क्रम में आज जन सुराज पार्टी प्रथम जिला संगठन की घोषणा की। जन सुराज के प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती ने मोतिहारी में  प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूर्वी चंपारण जिले के संगठन की घोषणा की। 

मनोज भारती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि जन सुराज पार्टी के मूलभूत सिद्धांतों के अनुरूप संगठन के पुनर्गठन एवं उसके प्रभावी संचालन को गति देने के लिए पूरे राज्य को 44 संगठन जिलों में विभाजित कर वरीय साथियों के साथ संगठन जिला कमिटी बनाने का निर्णय लिया गया है।

उन्होंने कहा कि संगठन जिले की कमिटी क्षेत्रीय एवं राज्य नेतृत्व के साथ समन्वय स्थापित कर जिले के अंतर्गत आने वाले सभी प्रखंडों तथा पंचायतों के संगठन का पुनर्गठन एवं संचालन करेगी। संगठन जिला कमिटी में संबंधित जिले के पार्टी पदाधिकारी तथा वरीय सदस्य शामिल रहेंगे।

इस क्रम में पूर्वी चंपारण संगठन जिला की नई सूची जारी की गई, जिसमें रवींद्र सिंह बेरूआर को जिला अध्यक्ष एवं अभय शर्मा को जिला महामंत्री की जिम्मेदारी दी गई है।

संगठन घोषणा के अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष मनोज भारती के अलावा प्रदेश संगठन महामंत्री सुभाष सिंह कुशवाहा, क्षेत्रीय संगठन प्रभारी भुवन पटेल, क्षेत्रीय संगठन विस्तारक राघवेंद्र पाठक तथा क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी संजय ठाकुर, अजय कुमार देव ,डॉ एल बी प्रसाद, डॉ अतुल कुमार,  लाल बाबू यादव, सुबोध यादव, डा. मंतोष सहनी, दुष्यंत कुमार सिंह,  वीर प्रसाद  महतो , ई. संजय कुमार,  जयमंगल प्रसाद कुशवाहा समेत बडी संख्या मे पार्टी के नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहें।

जन सुराज पार्टी के संगठन जिला पूर्वी चंपारण की सलाहकार समिति एवं जिला एकल पदाधिकारियों की विस्तृत सूची नीचे संलग्न पीडीएफ में उपलब्ध है।