होली पर घर जाना मुश्किल, कैसे आएंगे परदेसी, दिल्ली से आने वाली ट्रेनों की सीटें 2 मार्च तक फुल

होली 4 मार्च को है और घर लौटने की तैयारी में जुटे लोगों के लिए इस बार सफर आसान नहीं दिख रहा

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Feb 13, 2026, 10:05:00 AM

होली 4 मार्च को है और घर लौटने की तैयारी में जुटे लोगों के लिए इस बार सफर आसान नहीं दिख रहा। तेजस राजधानी, संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस, गरीब रथ एक्सप्रेस और हमसफर एक्सप्रेस सहित दिल्ली और अन्य बड़े शहरों से पटना आने वाली लगभग सभी प्रमुख ट्रेनों में 20 फरवरी से 3 मार्च तक सीटें पूरी तरह फुल हो चुकी हैं। वेटिंग लिस्ट लंबी हो गई है और कई ट्रेनों में ‘नो रूम’ की स्थिति बन गई है। जिन यात्रियों ने अब तक टिकट बुक नहीं कराया है, उनके पास अब सीमित विकल्प बचे हैं।

एक विकल्प है तत्काल टिकट, लेकिन तत्काल कोटे में सीटों की संख्या कम होती है, ऐसे में कंफर्म टिकट मिलना चुनौती भरा हो सकता है। यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने बड़ा फैसला लिया है। देशभर में कुल 1410 ट्रिप स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी। वहीं पूर्व मध्य रेल की ओर से 285 ट्रिप का परिचालन किया जाएगा, ताकि बिहार आने-जाने वाले यात्रियों को राहत मिल सके।

सिर्फ ट्रेन ही नहीं, सड़क मार्ग से सफर करने वालों के लिए भी सरकार ने तैयारी की है। होली और ईद के मद्देनजर परिवहन निगम 200 विशेष बसें चलाएगा। इन बसों का संचालन 23 फरवरी से 23 मार्च तक होगा। दिल्ली के लिए 62, हरियाणा के लिए 40, झारखंड के लिए 10, पश्चिम बंगाल के लिए 5 और उत्तर प्रदेश के लिए 2 बसें चलाई जाएंगी। सरकार किराए पर सब्सिडी भी दे रही है। पटना-दिल्ली के बीच एसी स्लीपर बस का किराया 1,893 रुपए तय किया गया है। ऑनलाइन टिकट बुकिंग 5 फरवरी से शुरू हो चुकी है। यात्रियों से अपील है कि समय रहते टिकट की व्यवस्था कर लें।