दिल्ली में बिहारी कह कर एक लड़के को पुलिस कर्मी ने गोली मारकर हत्या कर दी। अब इस मामले में सियासत तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बाद अब लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा है-बिहार से आने वाले सत्तापक्ष के सभी सांसद , बिहार के बड़बोले, अनावश्यक बोलने वाले नए मुख्यमंत्री मौन हैं ?
राजद सुप्रीमो लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा है-क्या बिहारी होना गोली खाने की गारंटी है ? केंद्र की भाजपा नीत सरकार ने अपने मातहत अधिकारियों के मन में बिहार-यूपी के लोगों के प्रति इतना जहर भर दिया है कि दिल्ली पुलिस के एक पुकिसकर्मी ने " कहाँ से हो ?" ये पूछने के बाद जब ये जाना कि युवक बिहार से है, तो बिना झिझक युवक को गोली मार दी। दिल्ली-गुजरात-महाराष्ट्र-मध्यप्रदेश जैसे भाजपा शासित राज्यों में बिहार के लोगों के साथ दुर्व्यवहार-हिंसक उत्पीड़न पहले से होता आया है। मगर केंद्र सरकार के सीधे नियंत्रण वाली दिल्ली पुलिस के एक पुकिसकर्मी के द्वारा अंजाम दी गयी ये निर्मम वारदात डराने वाली है।
रोहिणी ने आगे लिखा है-अफ़सोसजनक बात तो ये है कि बिहार में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार है, केंद्र की सरकार बिहार की ही एक पार्टी के समर्थन पर टिकी है, फिर भी इस नृशंस घटना पर बिहार से आने वाले सत्तापक्ष के सभी सांसद, बिहार के बड़बोले, अनावश्यक बोलने वाले नए मुख्यमंत्री मौन हैं ? क्यूँ चुप हैं बिहार के सन्दर्भ में चुनावी मंच से " मारब सिक्सर के छौ गोली छाती में " जैसा घटिया डायलॉग बोलने वाले प्रधानमंत्री ? क्यों चुप हैं वो लोग जो निरंतर ये कह कर बिहार की छवि धूमिल करते रहे कि ' मत आईए बिहार में , गोली मार दिया जाएगा यहाँ कपार में" ?... साथ ही रोहिणी आचार्य ने पूछा है-प्रधानमंत्री जी.. गृह मंत्री महोदय .. काश आप ये बता देते कि ये आप लोगों का कौन सा राज है , जहाँ बिहारी होना गोली खाने की गारंटी है ? क्या बिहारी होना गुनाह है ?
इससे पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बीजेपी पर निशाना साधा है और पूछा है- बिहारी होना देशद्रोह है? तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा है-भाजपा सरकार में 'बिहारी होना' ही सबसे बड़ा अपराध और देशद्रोह हो गया है। उन्होंने लिखा कि, नई दिल्ली में खगड़िया निवासी 23 वर्षीय युवक पांडव कुमार की सिर्फ इसलिए गोली मार कर हत्या कर दी गई क्योंकि वह ‘बिहारी’ था। ‘बिहारी होने के अपराध’ में ही उसका दोस्त कृष्ण जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।