नई दिल्ली : आईआरसीटीसी मनी लॉन्ड्रिंग मामले में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव, तेजस्वी यादव और राबड़ी देवी समेत नौ लोगों के खिलाफ आरोप तय होने की प्रक्रिया फिलहाल टल गई है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में होने वाली इस सुनवाई के लिए अब 30 अक्टूबर की अगली तारीख तय की गई है।
लालू यादव, तेजस्वी यादव और राबड़ी देवी को राहत
कोर्ट में सुनवाई टलने के बाद लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी और तेजस्वी यादव को फिलहाल 30 अक्टूबर तक राहत मिल गई है। इससे पहले 11 सितंबर को दिल्ली की स्पेशल कोर्ट ने आईआरसीटीसी होटल घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ा फैसला सुनाया था। कोर्ट ने लालू, राबड़ी, तेजस्वी और अन्य आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने का आदेश दिया था।
IRCTC केस की जांच ईडी ने शुरू की थी
प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम, 2002 (PMLA) के तहत जांच शुरू की थी। यह जांच सीबीआई, नई दिल्ली द्वारा दर्ज की गई एफआईआर के आधार पर की गई थी। सीबीआई ने तत्कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव, पीसी गुप्ता और अन्य के खिलाफ आईपीसी और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।