25 जनवरी को लगी चोट, 1 फरवरी को दी जानकारी—क्या विधानसभा सत्र से बच रहे हैं तेजस्वी यादव?

बिहार विधानसभा सत्र से पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav Injury) के साथ एक अप्रत्याशित हादसा सामने आया। पैर में ठोकर लगने से उनके पैर के अंगूठे का नाखून उखड़ गया

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Feb 02, 2026, 10:23:00 AM

बिहार विधानसभा सत्र से पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav Injury) के साथ एक अप्रत्याशित हादसा सामने आया। पैर में ठोकर लगने से उनके पैर के अंगूठे का नाखून उखड़ गया, जिसके बाद फिलहाल उनका चलना-फिरना मुश्किल बताया जा रहा है। इस घटना की आधिकारिक पुष्टि राष्ट्रीय जनता दल की ओर से सोशल मीडिया के जरिए की गई, जहां बताया गया कि तेजस्वी यादव चिकित्सकीय देखरेख में स्वास्थ्य लाभ ले रहे हैं

यह खबर इसलिए भी अहम हो जाती है क्योंकि आज से बिहार विधानमंडल का बजट सत्र शुरू होने जा रहा है। बजट सत्र राज्य की राजनीति का सबसे निर्णायक पड़ाव माना जाता है, जहां सरकार की नीतियों, आर्थिक प्राथमिकताओं और विपक्ष की रणनीति का सीधा टकराव देखने को मिलता है। ऐसे में नेता प्रतिपक्ष का सत्र में सक्रिय रूप से मौजूद न रह पाना, विपक्ष की आवाज और आक्रामकता पर असर डाल सकता है।

राजद की ओर से किए गए ट्वीट में स्पष्ट किया गया कि 25 जनवरी को ठोकर लगने से तेजस्वी यादव के पैर के अंगूठे का नाखून उखड़ गया था और इसके बाद से वे डॉक्टरों की निगरानी में हैं। पार्टी ने उनके जल्द स्वस्थ होने की उम्मीद जताई है। हालांकि, मौजूदा हालात को देखते हुए यह माना जा रहा है कि वे बजट सत्र में फिलहाल शामिल नहीं हो पाएंगे।

तेजस्वी को चोट 25 जनवरी को लगी थी। अब इस ट्विट ने सियासी गलियारों में बवाल मचा दिया है। इस देरी के बाद अब सियासी गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या तेजस्वी यादव विधानसभा सत्र से दूरी बनाए रखना चाहते हैं?

बता दें कि, 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के दिन भी तेजस्वी ना तो राबड़ी आवास में दिखे थे और ना ही अपने सरकारी आवास पर मौजूद थे। उनके आवास पर राजद सुप्रीमो लालू यादव ने झंडोत्तोलन किया था। जिसके बाद भी सवाल खड़े हो रहे थे कि आखिर तेजस्वी अपने आवास पर झंडोत्तोलन करने क्यों नहीं पहुंचे? तेजस्वी कहां हैं? तब राजद की ओर से कोई जानकारी साझा नहीं की गई। ऐसे में सवाल ये भी खड़े हो रहे हैं कि यदि तेजस्वी को चोट लगी थी तो ये जानकारी राजद ने 26 जनवरी को क्यों नहीं दी? जब तेजस्वी कहां हैं इसको लेकर सवाल खड़े हो रहे थे तो राजद की ओर से यही सूचना तब क्यों नहीं दी गई? साथ ही ये भी सवाल खड़े हो रहे हैं कि अब बजट सत्र शुरु होने के ठीक एक दिन पहले यह जानकारी क्यों साझा की गई? आखिर इसके पीछे के मायने क्या है? क्या वास्तव में तेजस्वी यादव बजट सत्र से बचना चाहते हैं?