'लालू की पाठशाला इतनी अच्छी होती तो सम्राट उसे छोड़कर क्यों जाते' गिरिराज सिंह का तेजस्वी को करारा जवाब

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Apr 25, 2026, 4:31:00 PM

बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की 'लालू की पाठशाला' वाले बयान पर सियासत तेज है। पहले सदन में फ्लोर टेस्ट के दौरान सीएम सम्राट चौधरी ने तेजस्वी यादव पर पलटवार किया और कहा कि सत्ता किसी की बपौती नहीं है। इसी कड़ी में अब केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने तेजस्वी यादव को जवाब दिया है।   

बेगूसराय पहुंचे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के ''लालू की पाठशाला'' वाले बयान पर करारा प्रहार किया। केंद्रीय मंत्री  ने कहा-अगर लालू की पाठशाला इतनी ही अच्छी होती तो सम्राट उसे छोड़कर क्यों जाते ? उन्होंने बीजेपी को 'गंगा और समुद्र' की संज्ञा देते हुए भारतीय जनता पार्टी को एक व्यापक विचारधारा वाली पार्टी बताया।  

गिरिराज सिंह ने कहा कि बीजेपी में शामिल होने वाले नेता किसी दबाव में नहीं, बल्कि अपनी इच्छा और विचारधारा के कारण पार्टी का हिस्सा बनते हैं। उन्होंने तेजस्वी यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा कि यदि लालू प्रसाद की पाठशाला इतनी ही मजबूत और प्रभावी होती, तो उनके करीबी नेता वहां से निकलकर बीजेपी का दामन क्यों थामते। साथ ही आरोप लगाया कि राष्ट्रीय जनता दल में परिवारवाद अपने चरम पर है, जिसके चलते पार्टी के भीतर असंतोष बढ़ा और कई नेता अलग रास्ता चुनने को मजबूर हुए।

बता दें कि शुक्रवार को सम्राट सरकार ने फ्लोर टेस्ट पास किया। इस दौरान बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सीएम को बधाई देते हुए कहा कि सम्राट चौधरी भी तो लालू यादव की ही पाठशाला से निकले हैं। जिस पर सम्राट चौधरी ने पलटवार करते हुए कहा कि वह किसी की पाठशाला से नहीं निकले हैं, बल्कि जनता ने उन्हें यहां तक पहुंचाया है।