पप्पू यादव की जमानत याचिका पर आज सुनवाई, बेऊर जेल में बंद सांसद पर टिकी निगाहें

पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की जमानत याचिका पर आज कोर्ट में अहम सुनवाई होने वाली है। फिलहाल पप्पू यादव पटना के बेऊर जेल में बंद हैं।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Feb 09, 2026, 9:52:00 AM

पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की जमानत याचिका पर आज कोर्ट में अहम सुनवाई होने वाली है। फिलहाल पप्पू यादव पटना के बेऊर जेल में बंद हैं। जेल भेजे जाने से पहले उनका पीएमसीएच में मेडिकल चेकअप कराया गया था। अस्पताल अधीक्षक राजीव कुमार के अनुसार पप्पू यादव पूरी तरह फिट हैं, हालांकि बेऊर जेल ले जाते समय वे एंबुलेंस में लेटे हुए नजर आए, जिसको लेकर सियासी हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

पप्पू यादव की गिरफ्तारी और जेल भेजे जाने के बाद बिहार की राजनीति में उबाल बना हुआ है। उनके समर्थन और NEET छात्रा को न्याय दिलाने की मांग को लेकर रविवार को पटना से लेकर दिल्ली तक प्रदर्शन होते रहे। पटना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में ‘पप्पू यादव को रिहा करो’ लिखे पोस्टर लिए हुए थे और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पोस्टर तक जला दिए गए।

वहीं, राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी पप्पू यादव के समर्थन में बड़ा प्रदर्शन देखने को मिला। इस प्रदर्शन में NEET छात्रा की पीड़िता मां और परिजन भी शामिल हुए। उन्होंने इंसाफ की गुहार लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में सैकड़ों की संख्या में लोग जुटे, जिनमें सामाजिक कार्यकर्ता और राजनीतिक समर्थक भी शामिल रहे।

कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल इस पूरे मामले को राजनीतिक बदले की कार्रवाई बता रहे हैं। उनका कहना है कि सरकार ने जानबूझकर पप्पू यादव को निशाना बनाया है, जबकि सत्ताधारी दल इसे कानून का सामान्य प्रक्रिया बता रहा है।

अब सभी की नजरें आज होने वाली जमानत याचिका की सुनवाई पर टिकी हैं। देखना होगा कि कोर्ट इस मामले में क्या फैसला सुनाती है और क्या पप्पू यादव को राहत मिल पाती है या नहीं।