भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और दरभंगा नगर विधायक संजय सरावगी की माता स्वर्गीय राधा देवी सरावगी के द्वादशा कार्यक्रम में शामिल होने के लिए 24 फरवरी को दरभंगा में बड़े राजनीतिक हस्तियों का जमावड़ा लगेगा। यह कार्यक्रम शास्त्री चौक स्थित सरावगी आवास पर आयोजित किया गया है, जहां कई वीवीआईपी नेताओं की मौजूदगी प्रस्तावित है।
इस कार्यक्रम में Arif Mohammad Khan, Nitish Kumar और Nitin Naveen शामिल होंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के दोपहर 3 बजे के बाद कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने की संभावना है। वीआईपी आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं।
एयरपोर्ट से लेकर शास्त्री चौक स्थित कार्यक्रम स्थल तक कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती, रूट लाइनिंग और यातायात नियंत्रण के लिए विशेष टीमों को लगाया गया है। प्रशासन के अनुसार सुबह 8 बजे से शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है, जो कार्यक्रम समाप्त होने तक प्रभावी रहेगा।
हालांकि प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिन मार्गों पर बदलाव किया गया है, केवल वहीं यातायात प्रभावित रहेगा। अन्य सभी रूटों पर पहले की तरह वाहनों का परिचालन जारी रहेगा। विशेष परिस्थितियों में जरूरत पड़ने पर यातायात व्यवस्था में अतिरिक्त बदलाव भी किया जा सकता है।
सीएम नीतीश कुमार के संभावित आगमन को लेकर हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक सुरक्षा का विशेष खाका तैयार किया गया है। अतिरिक्त पुलिस बल, ट्रैफिक कंट्रोल यूनिट और सुरक्षा एजेंसियां सतर्क मोड में रहेंगी। निर्धारित मार्गों पर सुरक्षा प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन कराया जाएगा।
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। वीआईपी मूवमेंट के दौरान अनावश्यक भीड़ से बचने और सहयोग बनाए रखने की भी अपील की गई है।
दरभंगा में इस कार्यक्रम को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में खासा सक्रिय माहौल देखा जा रहा है।