दिल्ली में वित्त और विदेश मंत्री के साथ CM सम्राट की हाईलेवल मीटिंग, निर्मला-जयशंकर से क्या हुई बात ?

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दो दिवसीय दिल्ली दौरे पर हैं। जहां उन्होंने केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण और केंद्रीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से मुलाकात की। शुक्रवार कोकर्तव्य भवन में मुख्यमंत्री की अहम बैठक हुई।

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दो दिवसीय दिल्ली दौरे पर हैं। जहां उन्होंने केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट कार्य मंत्री निर्मला सीतारमण और केंद्रीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर से मुलाकात की। शुक्रवार को दिल्ली के कर्तव्य भवन में मुख्यमंत्री की अहम बैठक हुई। बैठक में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और विदेश मंत्री एस जयशंकर के अलावा मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मौजूद रहे। इसके अलावे बिहार के डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी, जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय झा और बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत मौजूद रहे। मीटिंग में बिहार के हितों से जुड़े कई अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में भारत-नेपाल जल एवं बांध परियोजनाओं, बजट से जुड़े विषयों और बिहार में पर्यटन के विकास सहित कई अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया। बिहार के हित से जुड़े अन्य विषयों को भी केंद्रीय मंत्रियों के समक्ष रखा गया। बैठक शुरू होने के करीब एक घंटे बाद विदेश मंत्री एस जयशंकर कर्तव्य भवन से निकल गए। इसके बाद केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, डिप्टी सीएम विजय चौधरी और संजय झा की बैठक जारी रही। मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत समेत बिहार के अधिकारी भी इस बैठक में मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे के दौरान बिहार से जुड़े कई अहम मुद्दों पर केंद्र सरकार के साथ चर्चा हुई।  भारत-नेपाल सीमा से जुड़े विषयों के साथ-साथ नेपाल में प्रस्तावित हाई लेवल डैम का मुद्दा भी अहम रहा। बिहार के लिए नेपाल से आने वाली नदियों और बाढ़ के खतरे को देखते हुए इस मुद्दे की रणनीतिक और जल सुरक्षा के लिहाज से काफी अहमियत है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ बैठक में बिहार की वित्तीय जरूरतों, केंद्र से मिलने वाली सहायता और राज्य की विकास परियोजनाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।  

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के विकास, समृद्धि और जनहित से जुड़े विषयों को केंद्र के समक्ष मजबूती से रखने तथा बेहतर समन्वय के साथ आगे बढ़ने की दिशा में यह बैठक महत्वपूर्ण रही। इससे पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नई दिल्ली में भाजपा के वरिष्ठ नेता विनोद तावड़े से उनके आवास पर मुलाकात की। उन्होंने तावड़े को भाजपा का दोबारा राष्ट्रीय महामंत्री और उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाए जाने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।