कोर्ट में गिड़गिड़ाने लगे BJP विधायक राजू सिंह, शनिवार को किस्मत का फैसला, जज साहब...वो मेरी भाभी..

बिहार के साहेबगंज से भाजपा विधायक राजू कुमार सिंह को कितने साल जेल में बिताना होगा, इसका फैसला अब शनिवार को होगा। दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट राजू सिंह के खिलाफ फैसला सुनाएगी।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jul 03, 2026, 3:07:00 PM

बिहार के साहेबगंज से भाजपा विधायक राजू कुमार सिंह को कितने साल जेल में बिताना होगा, इसका फैसला अब  शनिवार को होगा।  दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट राजू सिंह के खिलाफ फैसला सुनाएगी। सात साल पुराने हर्ष फायरिंग मामले में अदालत उन्हें पहले ही दोषी ठहरा चुकी है। अब शनिवार को यानि 4 जुलाई 2026 को दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट के स्पेशल जज विशाल गोगने सजा का ऐलान करेंगे।

आज यानि शुक्रवार को सजा के बिंदु पर हुई सुनवाई के दौरान भाजपा विधायक राजू कुमार सिंह  ने कोर्ट से नरमी बरतने की अपील की। विधायक राजू सिंह कोर्ट में गिड़गिड़ाने लगे और कहा कि जज साहब मुझे कम सजा दी जाए। कोर्ट में विधायक राजू सिंह ने जज से अपील करते हुए कहा-मैंने जानबूझकर ऐसा कुछ नहीं किया। मेरा परिवार भी डांस फ्लोर पर मौजूद था, जिस महिला की मौत हुई, वह मेरे बड़े भाई के दोस्त की पत्नी डॉ. अर्चना गुप्ता थीं। हम उन्हें भाभी की तरह मानते थे। आखिर में जज से सजा कम करने की अपील करते हुए राजू सिंह ने कहा-मैंने कभी समाज के खिलाफ कोई काम नहीं किया। मेरे अच्छे आचरण को देखते हुए कम से कम सजा दी जाए।

बता दें कि 6 जून को दिल्ली की राऊज एवेन्यू कोर्ट ने सात साल पुराने हर्ष फायरिंग मामले में भाजपा विधायक राजू कुमार सिंह को दोषी ठहराया था। इस मामले में एक समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में डॉ. अर्चना गुप्ता की गोली लगने से मौत हो गई थी। हालांकि कोर्ट ने राजू कुमार सिंह की पत्नी रेनू सिंह, राणा राजेश सिंह और रामेंद्र सिंह को सबूतों के अभाव में सभी आरोपों से बरी कर दिया था।