पटना: राज्य की राजनीति में अपनी मौजूदगी को और बेहतर तरीके से दर्शाने के लिए कांग्रेस पार्टी की तरफ से तैयारी की जा रही है। पार्टी अब खुद को प्रखंड स्तर तक गतिविधियों को लेकर तैयारी में जुटी हुई है। इसी क्रम में पार्टी की तरफ से एक प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया है।
प्रदेश कांग्रेस द्वारा दी गयी जानकारी के अनुसार राज्य के सीतामढ़ी में आगामी 5-6 सितंबर को कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्षों का षष्टम प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया है। इस शिविर का उद्घाटन बिहार कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावरू एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश राम करेंगे।
मिली खबर के अनुसार प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करना, प्रखंड अध्यक्षों को संगठनात्मक गतिविधियों, जनसरोकार के मुद्दों तथा पार्टी की नीतियों एवं कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए प्रशिक्षित करना है।
शिविर में प्रदेश एवं जिला स्तर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रखंड अध्यक्षों के साथ संगठन को मजबूत करने की रणनीति, बूथ स्तर तक पार्टी की पहुंच बढ़ाने तथा आम जनता से बेहतर संवाद स्थापित करने को लेकर विस्तृत चर्चा करेंगे। प्रशिक्षण शिविर के चेयरमैन रंजीत कुमार मिश्रा, जिला अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक अमित कुमार टुन्ना, कांग्रेस नेता गौरब वर्मा इस अवसर पर मौजूद रहेंगे।
बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित इस प्रशिक्षण शिविर में प्रदेश के विभिन्न प्रखंडों से कांग्रेस के प्रखंड अध्यक्ष शामिल होंगे। प्रशिक्षण के माध्यम से पार्टी संगठन को और अधिक सक्रिय एवं मजबूत बनाने तथा आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए कार्यकर्ताओं को तैयार करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।