बिहार में कैबिनेट विस्तार को लेकर हलचल तेज है। शनिवार को सीएम सम्राट चौधरी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की मुलाकत हुई है। इस मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज दिल्ली के लिए निकल रहे हैं। जहां केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह समेत कई बीजेपी नेताओं से मुलाकात करेंगे।
दरअसल पूर्व सीएम नीतीश कुमार से मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज रात दिल्ली पहुंचेंगे। वे शाम 6:30 बजे इंडिगो की फ्लाइट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे। दिल्ली दौरे के दौरान उनकी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात तय है। बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से भी सीएम सम्राट मिलेंगे। माना जा रहा कैबिनेट विस्तार पर चर्चा होने की प्रबल संभावना है। जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा पहले से ही दिल्ली में मौजूद हैं, जिससे संकेत मिलते हैं कि एनडीए घटकों के बीच समन्वय और सीट बंटवारे के साथ-साथ मंत्री पदों को लेकर गंभीर मंथन होगा। इस मुलाकात को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।
इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री और जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार से मिलने सीएम सम्राट चौधरी उनके आवास 7 सर्कुलर रोड पहुंचे। दोनों नेताओं के बीच करीब आधे घंटे तक बातचीत चली। मिली जानकारी के अनुसार यह मुलाकात पूरी तरह सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई और इसमें विभिन्न मुद्दों पर सामान्य चर्चा की गई। इसे एक शिष्टाचार भेंट के तौर पर देखा जा रहा है। बिहार में मंत्रिमंडल विस्तार से पहले यह मुलाकात अहम मानी जा रही है।
बता दें कि आक 7 सर्कुलर रोड स्थित अपने आवास से निकलकर नीतीश कुमार सुबह-सुबह सबसे पहले डिप्टी सीएम विजेंद्र यादव के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने मुलाकात की। इसके बाद डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी के आवास पहुंचे, जहां उन्होंने करीब 10 मिनट की संक्षिप्त मुलाकात की। इसके बाद नीतीश कुमार पूर्व मंत्री अशोक चौधरी के आवास भी पहुंचे, जहां दोनों नेताओं के बीच करीब 10 मिनट तक बातचीत हुई। लगातार हो रही इन मुलाकातों ने पटना के सियासी गलियारों में तरह-तरह की अटकलों को जन्म दे दिया है।