बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अब 1 अणे मार्ग स्थित लोक सेवक आवास में ही रहेंगे। सरकार ने 5 देशरत्न मार्ग तक आवास विस्तार का पुराना आदेश निरस्त कर दिया है। पहले दोनों परिसरों को मिलाकर एकीकृत मुख्यमंत्री आवास बनाने का आदेश दिया गया था। 5 देशरत्न मार्ग को सीएम आवास 1 अणे मार्ग के साथ विस्तारित अंश के रुप में भवन निर्माण विभाग द्वारा चिन्हित किया गया था। अब भवन निर्माण विभाग ने पिछले आदेश को निरस्त करते हुए 5 देशरत्न मार्ग को 1 अणे मार्ग अलग करने का आदेश जारी किया है।
अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी केवल 1 अणे मार्ग स्थित लोक सेवक आवास में ही निवास करेंगे और 5 देशरत्न मार्ग तक आवास विस्तार का पुराना आदेश निरस्त कर दिया गया है। नए आदेश के बाद 1 अणे मार्ग और 5 देशरत्न मार्ग अलग-अलग बंगले रहेंगे। भवन निर्माण विभाग द्वारा जारी आदेश मे कहा गया है बिहार के मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास '1, अणे मार्ग' (लोक सेवक आवास, अणे मार्ग), पटना का मरम्मत कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।
ताजा कार्यालय आदेश के अनुसार, यह प्रतिष्ठित सरकारी बंगला अब पूरी तरह से तैयार है। मरम्मत का काम खत्म होने के बाद अब इसे दोबारा मुख्यमंत्री के आवासन (रहने) के लिए उपलब्ध करा दिया गया है। भवन निर्माण विभाग ने मरम्मत अवधि के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए जारी किए गए अपने पुराने आदेश को अब वापस ले लिया है।
हाल ही में राबड़ी देवी के बंगला विवाद को लेकर विपक्ष बार-बार 5 देश रत्न मार्ग और 1 अणे मार्ग को मिलाकर सीएम हाउस बनाने के फैसले पर सवाल उठा रहा था। जिसके बाद अब राज्य सरकार ने लोक सेवक आवास के विस्तार का फैसला वपास ले लिया है। अब चर्चा तेज हो गई है कि राबड़ी देवी 10 सर्कुलर रोड बंगला खाली करती हैं कि नहीं? बीते दिनों राबड़ी देवी ने बंगला खाली करने से इनकार कर दिया था।
बता दें बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को 10 सर्कुलर रोड का सरकारी बंगला खाली करने के लिए सरकार द्वारा अंतिम नोटिस दिया गया है। यह बंगला अब मंत्री नंदकिशोर राम को अलॉट किया गया है। राबड़ी देवी ने कहा है कि वे किसी भी कीमत पर इसे नहीं छोड़ेंगी, जबकि सरकार ने उन्हें दूसरा बंगला भी दिया है।