बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को मुजफ्फरपुर दौरे के दौरान विपक्ष पर जमकर हमला बोला। साथ ही मुजफ्फरपुर में कई योजनाओं की सौगात दी। सम्राट चौधरी ने विपक्ष के 'पैसों की कमी' वाले आरोप को खारिज करते हुए कहा कि राज्य में धन की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि 98 लाख परिवारों को पेंशन दी गई है और 125 यूनिट मुफ्त बिजली योजना से करीब 90% उपभोक्ताओं का बिजली बिल जीरो हो गया है। सीएम सम्राट ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि बिहार की जनता ने गुंडाराज और अराजकता का दौर देखा है, इसलिए आज लोगों का भरोसा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार पर है।
सीएम सम्राट चौधरी ने MIT परिसर स्थित कार्यक्रम स्थल से 1047 करोड़ रुपये की 982 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इसके साथ ही मुजफ्फरपुर के लिए कई बड़ी घोषणाएं भी कीं। उन्होंने कहा कि शहर में आर्किटेक्चर एवं सिविल इंजीनियरिंग कॉलेज की स्थापना की जाएगी। साथ ही भविष्य में बिहार में रैपिड रेल परियोजना पर काम किया जाएगा, जिससे मुजफ्फरपुर से पटना की दूरी महज 40 मिनट में तय की जा सकेगी। राज्य सरकार 12 नए टाउनशिप विकसित करने की योजना पर काम कर रही है, जिनमें मुजफ्फरपुर में तिरहुत के नाम से एक आधुनिक टाउनशिप विकसित की जाएगी।
विपक्ष को जवाब देते हुए सम्राट चौधरी ने कहा-यदि राज्य के पास संसाधनों की कमी होती तो करोड़ों रुपये की सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ एक साथ लाखों परिवारों तक नहीं पहुंचाया जा सकता था। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि 10 जुलाई को राज्य सरकार ने लगभग 98 लाख परिवारों के खातों में वृद्धा पेंशन की राशि सीधे ट्रांसफर की है। यह सरकार की वित्तीय क्षमता और जनकल्याण के प्रति उसकी प्रतिबद्धता का सबसे बड़ा प्रमाण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सिर्फ वृद्धा पेंशन तक सीमित नहीं है, बल्कि दिव्यांगजन पेंशन और विधवा पेंशन जैसी अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत भी लाभार्थियों के बैंक खातों में समय पर राशि भेजी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार द्वारा 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की योजना का लाभ बिना किसी भेदभाव के सभी पात्र उपभोक्ताओं को मिल रहा है। इसके कारण बड़ी संख्या में परिवारों का बिजली बिल शून्य हो गया है। उन्होंने दावा किया कि इस योजना का असर यह है कि राज्य के लगभग 90 प्रतिशत उपभोक्ताओं का बिजली बिल अब शून्य (जीरो) आ रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सिर्फ राहत देने वाली योजना नहीं है, बल्कि आम लोगों की बचत बढ़ाने और उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के "रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म" के विजन का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार दिन-रात मेहनत कर बिहार को तीन गुना गति से विकसित करने के लक्ष्य पर काम कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि राम मंदिर की तर्ज पर माता सीता से जुड़े धार्मिक और सांस्कृतिक विकास कार्यों को भी आगे बढ़ाया जाएगा। नए एयरपोर्ट का शिलान्यास अगले 10 दिनों के भीतर केंद्रीय मंत्री करेंगे। छह साल पहले जिस तालाब की हालत खराब थी, आज वहीं आधुनिक मरीन ड्राइव बन चुका है, जहां हर सप्ताह लाखों लोगों के आने की संभावना है।
सीएम सम्राट ने कहा-मुजफ्फरपुर में कई कान्वेंट होंगे, हम लोगों ने मॉडल स्कूल की कल्पना की है। ये सफल तब होगा जब हमारे विधायक मंत्री अधिकारी होने बच्चों का नाम कान्वेंट से काटवाकर मॉडल स्कूल मे लिखवाएंगे। उन्होंने कहा कि अपराधी से समझौता नहीं, कोई हो उसे जेल के अंदर जाना पड़ेगा या बिहार छोड़ना पड़ेगा। भ्रष्टाचार पर जीरो टोलरेंस, साइबर क्राइम पर भी जीरो टोलरेंस की नीति अपनाई जा रही।
बता दें कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी रविवार को मुजफ्फरपुर दौरे के दौरान MIT परिसर स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचे। जहां से नगर विकास एवं आवास विभाग और बुडको की 1047 करोड़ रुपये की 982 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शहर के बहुप्रतीक्षित मरीन ड्राइव का उद्घाटन किया। 1047 करोड़ रुपये की 982 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने सिकंदरपुर लेक फ्रंट का निरीक्षण भी किया।