बिहार के मोकामा से जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह का अपना अनोखा अंदाज है। आये दिन अपने बयानों की वजह से जदयू विधायक सुर्खियों में बने रहते हैं। अब उनका एक और बयान वायरल हो रहा है। अपराध और भ्रष्टाचार को लेकर अनंत सिंह का अजीबोगरीब बयान सामने आया है। जिसकी खूब चर्चा हो रही है।
जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने कहा है कि लड़का-लड़की का मन हो जाता है, घर वाले बोलते हैं कि किडनैप हो गया है। इतना ही नहीं उन्होंने यहां तक कह दिया कि बिहार में भ्रष्टाचार कहीं नहीं है। जबकि आये दिन तमाम जगहों से भ्रष्टाचार की खबरें आते रहती है।
दरअसल शनिवार को अनंत सिंह ने एक इंटरव्यू में अजीबोगरीब और विवादित बयान दिया है। जब बाहुबली विधायक से पूछा गया कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार बिहार में भ्रष्टाचार और अपराध पर लगाम लगाएगी? जिसका जवाब देते हुए अनंत सिंह ने कहा कि भ्रष्टाचार तो है ही नहीं कहीं। कहीं किडनैप हो रहा है। लड़का-लड़की का मन हो जाता है, परिवार बोलता है कि किडनैप हो गया है। और वहां कोर्ट में जाकर दोनों चढ़ल हैं। यानि कि अनंत सिंह का कहना है कि आपसी सहमति से लड़का-लड़की भाग जाता है और मां-बाप कहता है किडनैप हो गया है।
वहीं नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के 'लालू की पाठशाला' वाले बयान पर भी अनंत सिंह ने पलटवार किया है उन्होंने कहा कि अगर लालू की पाठशाला से निकलकर कोई मुख्यमंत्री बन रहा है, तो तुम (तेजस्वी) ही बन जाओ। लालू यादव का नाम लिए बिना उन्होंने कहा कि उनका खुद का बेटा तो सीएम बन नहीं रहा है।