राजधानी पटना में तेज हवा के साथ झमाझम बारिश से मौसम सुहाना हो गया। हालांकि शुक्रवार शाम आई तेज आंधी और बारिश ने भारी तबाही भी मचाई। तेज हवाओं के कारण शहर के कई इलाकों में पेड़ गिर गए, जिससे लोगों को काफी परेशानी हुई। इतना ही नहीं सीएम हाउस और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) कार्यालय परिसर में भी पेड़ गिरने से हादसा होते-होते बचा है।
तेज आंधी और बारिश का असर मुख्यमंत्री आवास क्षेत्र में भी देखने को मिला। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री आवास के बाहर एक बड़ा पेड़ गिर गया। वहीं मुख्यमंत्री आवास के पीछे स्थित लालू प्रसाद यादव आवास के बाहर भी दर्जनों पेड़ गिरने की खबर है। पेड़ गिरने से कई गाड़ियों को नुकसान हुआ है जबकि इस घटना में कई सुरक्षाकर्मी बाल-बाल बच गए। कुछ लोगों के घायल होने की भी खबर है।
वहीं आरजेडी कार्यालय परिसर में एक बड़ा पेड़ गिर गया। बताया जा रहा है जिस समय यह हादसा हुआ उस समय नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव अपने चैंबर में ही मौजूद थे। दरअसल आज उन्होंने प्रेस कांफ्रेस किया था। जिसकी वजह से वह राजद ऑफिस में मौजूद थे। अचानक पेड़ गिरने की आवाज सुनते ही वे तत्काल मीटिंग रूम की ओर चले गए और अपनी बेटी को भी साथ ले गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि तेजस्वी यादव इस हादसे में बाल-बाल बच गए।
आंधी-पानी के दौरान पुलिसकर्मियों और सुरक्षाबलों ने कई लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। नगर निगम अधिकारियों को घटना की सूचना दिए जाने के बाद टीम मौके पर पहुंची और गिरे पेड़ों को हटाने का काम शुरू किया गया। वहीं गर्दनीबाग इलाके में एक विशाल पेड़ गिरने से तीन लोग उसके नीचे दब गए। इनमें से दो लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि एक व्यक्ति अब भी फंसा हुआ है।
बता दें कि पटना में शुक्रवार दोपहर को आसमान में काले बादल छा गए। इससे दिन में ही रात जैसा अंधेरा हो गया। दिन में साढ़े चार बजे ही अंधेरा छा गया और तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। तेज हवा, धूल भरी आंधी और बारिश ने मौसम पूरी तरह बदल दिया। कई इलाकों में लोगों को दुकानों और घरों में शरण लेनी पड़ी। तेज हवाओं के कारण सड़क पर चल रहे वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग ने तात्कालिक पूर्वानुमान जारी करते हुए बिहार के 6 जिलों में शाम को आंधी, बारिश, वज्रपात का रेड अलर्ट जारी किया है। इनमें मुजफ्फरपुर, दरभंगा, पूर्वी चंपारण, मधुबनी, शिवहर और सीतामढ़ी जिले शामिल हैं।