बिहार राज्यसभा चुनाव से पहले सियासत तेज, संजय झा का दावा– NDA जीतेगा सभी 5 सीटें, विपक्ष के कई विधायक टूटेंगे

बिहार में राज्यसभा चुनावको लेकर सियासत गर्माई हुई है। मतदान से लगभग 48 घंटे पहले एनडीए के दो प्रमुख नेताओं के बीच बैठक हुई है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Mar 14, 2026, 3:50:00 PM

बिहार में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी पारा चढ़ गया है। मतदान से करीब 48 घंटे पहले सत्ताधारी एनडीए के दो बड़े नेताओं के बीच अहम बैठक हुई। डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी और जनता दल यूनाइटेड के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने शनिवार को साथ बैठकर चुनावी रणनीति पर मंथन किया। बैठक के बाद संजय झा ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि एनडीए बिहार की सभी पांच राज्यसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगा।

संजय झा ने यह भी कहा कि विपक्षी खेमे में बड़ी टूट की संभावना है और कई विधायक एनडीए के पक्ष में वोट कर सकते हैं। उनके इस बयान के बाद बिहार की सियासत में हलचल और तेज हो गई है।

दरअसल बिहार की पांच राज्यसभा सीटों के लिए 16 मार्च को मतदान होना है। एनडीए की ओर से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, भाजपा नेता नितिन नवीन, राष्ट्रीय लोक मोर्चा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा, केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर और भाजपा नेता शिवेश राम को उम्मीदवार बनाया गया है।

वहीं विपक्ष की ओर से लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव की पार्टी RJD ने एडी सिंह को मैदान में उतारा है। पांच सीटों पर कुल छह उम्मीदवार होने के कारण करीब 12 साल बाद बिहार में राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान की नौबत आई है।

मौजूदा गणित के मुताबिक एनडीए की चार सीटों पर जीत लगभग तय मानी जा रही है। लेकिन पांचवीं सीट जीतने के लिए एनडीए को तीन अतिरिक्त विधायकों के समर्थन की जरूरत होगी।

दूसरी ओर महागठबंधन को भी अपने उम्मीदवार को जिताने के लिए छह अतिरिक्त वोटों की दरकार है। तेजस्वी यादव को उम्मीद है कि Asaduddin Owaisi की पार्टी All India Majlis-e-Ittehadul Muslimeen के पांच विधायक और बसपा का एक विधायक आरजेडी उम्मीदवार के पक्ष में मतदान कर सकते हैं। इस मुद्दे पर आरजेडी और एआईएमआईएम के बीच बातचीत भी हुई है।

फिलहाल सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ही अपनी-अपनी जीत का दावा कर रहे हैं। ऐसे में 16 मार्च को होने वाले मतदान के दौरान क्रॉस वोटिंग की संभावना भी जताई जा रही है, जिस पर पूरे राज्य की नजरें टिकी हुई हैं।