Bihar Politics: PM मोदी से मिलकर लौटे सम्राट चौधरी पहुंचे नीतीश कुमार के पास, सियासी गलियारों में हलचल तेज

दिल्ली से लौटते ही मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे हैं। दोनों नेताओं की इस मुलाकात को लेकर सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Apr 22, 2026, 4:33:00 PM

बिहार में इन दिनों सियासी हलचल तेज है। एक तरफ जहां मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दिल्ली दौरे से पटना लौट चुके हैं। वहीं दूसरी ओर नीतीश कुमार ने जेडीयू की नई टीम का ऐलान किया है। इन हलचलों के बीच दिल्ली से लौटते ही मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे हैं। दोनों नेताओं की इस मुलाकात को लेकर   सियासी गलियारों में हलचल तेज हो गई है। 

दरअसल मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दिल्ली से लौटने के बाद नीतीश कुमार से मिलने पहुंचे। बुधवार को पटना स्थित 1-अन्ने मार्ग पर सम्राट चौधरी ने पूर्व सीएम नीतीश कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री का संदेश लेकर सम्राट चौधरी नीतीश कुमार के पास पहुंचे हैं।   बीते मंगलवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। सीएम बनने के बाद सम्राट चौधरी की यह प्रधानमंत्री से पहली मुलाकात थी। 

वहीं दिल्ली दौरे से लौटते ही आज मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंत्रिमंडल की  बैठक करने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली कैबिनेट बैठक होगी। यह बैठक शाम 6:00 बजे होगी, जिसमें कई अहम फैसले लिए जाने की संभावना है। हालांकि अभी तक सम्राट कैबिनेट का विस्तार नहीं हुआ है जदयू से सीनियर नेता विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव उपमुख्यमंत्री बने हैं। माना जा रहा है कि बहुत जल्द सम्राट चौधरी कैबिनेट का विस्तार कर सकते हैं। 

बता दें कि बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दिल्ली दौरे पर थे, जहां मंगलवार को उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कई बीजेपी नेताओं से मुलाकात की थी। पीएम से मुलाकात के बाद सीएम सम्राट चौधरी गृहमंत्री अमित शाह से भी मिले थे। बैठक में बिहार के विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। वहीं आज यानि बुधवार को सम्राट चौधरी ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और सांसद राधा मोहन सिंह से मुलाकात की। जिसके बाद बिहार के मुख्यमंत्री पटना लौट चुके हैं और आज कैबिनेट की पहली बैठक  करने जा रहे हैं।