बिहार विधान परिषद की 9 सीटों पर चुनाव का ऐलान हो गया है। भारत निर्वाचन आयोग ने खाली हो रहे इन सीटों पर चुनाव को लेकर तारीखों का ऐलान कर दिया है। इसके अलावा एक सीट पर उपचुनाव कराया जाएगा। राज्यसभा सदस्य बनने के बाद पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने विधान परिषद से इस्तीफा दे दिया था। इन सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 28 जून को खत्म हो रहा है। नीतीश कुमार की खाली सीट पर भी उपचुनाव होगा। यह सीट नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी।
बिहार विधान परिषद की 9 सीटों को लेकर चुनाव आयोग ने शेड्यूल जारी किया है, इसमें 1-8 जून तक नामांकन की प्रक्रिया होगी। चुनाव आयोग के अनुसार 1 जून को अधिसूचना जारी होगी और 8 जून तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। 9 जून को जांच और 11 जून तक नाम वापसी होगी। मतदान 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा, जबकि मतगणना उसी दिन शाम 5 बजे से शुरू होगी।
विधान परिषद की जिन 9 सीटों पर चुनाव होना है, उनमें जेडीयू की कुमुद वर्मा और प्रोफेसर गुलाम गौस, आरजेडी के मोहम्मद फारूख और बीजेपी के भीष्म साहनी का नाम शामिल है. इसके अलावा जेडीयू नेता और मंत्री भगवान सिंह पहले ही विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे चुके हैं। बीजेपी के संजय मयूख, कांग्रेस के समीर कुमार सिंह और आरजेडी के सुनील कुमार सिंह का कार्यकाल भी समाप्त हो रहा है।
वहीं बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दिया था। इसके साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे से खाली हुई सीट पर भी उपचुनाव कराया जाएगा। नीतीश कुमार ने 30 मार्च को बिहार विधान परिषद की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। राज्यसभा के लिए चुने जाने के बाद उन्होंने एमएलसी पद छोड़ दिया था।
बता दें कि विधान परिषद की 9 सीटों पर मतदान 18 जून 2026 को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा। वोटों की गिनती भी उसी दिन शाम 5 बजे से शुरू होगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 20 जून 2026 तक पूरी कर ली जाएगी। यह चुनाव विधानसभा के विधायकों द्वारा कराया जाएगा. जिस सीट पर उपचुनाव हो रहा है, उसका कार्यकाल 6 मई 2030 तक रहेगा।