बिहार विधान परिषद की 9 सीटों पर चुनाव का ऐलान हो गया है। इसके अलावा एक सीट पर उपचुनाव कराया जाएगा। एमएलसी चुनाव की घोषणा होते ही केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने एनडीए की टेंशन बढ़ा दी है। उन्होंने एनडीए में अपनी पार्टी के लिए एक सीट की मांग की है और कहा कि हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा को विधान परिषद में उचित प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए।
विधान परिषद चुनाव को लेकर केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने एक सीट की मांग की। उन्होंने कहा कि हमारी संख्या है और संख्या के आधार पर हमें एक सीट मिलनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि वह इस मुद्दे पर भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व से दिल्ली जाकर बातचीत करेंगे। गठबंधन में सहयोगी दलों को उचित सम्मान और भागीदारी मिलनी चाहिए।
जीतन राम मांझी ने कहा कि उनकी पार्टी पहले से ही एक सीट की मांग करती रही है और वह आज भी इस मांग पर कायम हैं। उन्होंने कहा कि अगर हमें एक सीट मिलती है तो एनडीए में और बेहतर तरीके से कोऑर्डिनेशन बना रहेगा। हम गठबंधन के प्रति हमेशा समर्पित रहे हैं और आगे भी रहेंगे।
वहीं एनकाउंटर पर उठ रहे सवालों को लेकर जीतन राम मांझी ने कहा कि बिहार में जाति देखकर एनकाउंटर नहीं हो रहा है। अपराधी की कोई जात नहीं होती। अपराधी सुधर जाए या बिहार छोड़ दें। मांझी ने कहा कि बिहार में अब अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो रही है। उन्होंने कहा कि जो अपराध करेगा, वह बिहार में मारा जाएगा। साथ ही उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल पर हमला बोलते हुए कहा कि राजद के लोग लफंडर हैं।
बता दें कि बिहार विधान परिषद की 9 सीटों पर चुनाव का ऐलान हो गया है। भारत निर्वाचन आयोग ने खाली हो रहे इन सीटों पर चुनाव को लेकर तारीखों का ऐलान कर दिया है। इसके अलावा एक सीट पर उपचुनाव कराया जाएगा। राज्यसभा सदस्य बनने के बाद पूर्व सीएम नीतीश कुमार ने विधान परिषद से इस्तीफा दे दिया था। इन सीटों पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 28 जून को खत्म हो रहा है। मतदान 18 जून को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक होगा, जबकि मतगणना उसी दिन शाम 5 बजे से शुरू होगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 20 जून 2026 तक पूरी कर ली जाएगी।