संजय झा को ललन सिंह का करारा जवाब, मैं झगड़े में नहीं पड़ता, अनंत सिंह-नीरज विवाद पर घमासान तेज

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के MLC चुनाव में मोकामा विधायक अनंत सिंह और विधान पार्षद नीरज कुमार के बीच छिड़े घमासान पर ललन सिंह ने सुलह कराने से इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि वह किसी के झगड़े में नहीं पड़ते हैं।

बिहार विधान परिषद की पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के MLC चुनाव में मोकामा विधायक अनंत सिंह और विधान पार्षद नीरज कुमार के बीच छिड़े घमासान पर ललन सिंह का बड़ा बयान सामने आया है। केन्द्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच सुलह कराने से इनकार कर दिया है। उन्होंने कहा कि वह किसी के झगड़े में नहीं पड़ते हैं। अगर दोनों नेता तैयार हों, तभी वह समझौता करा सकते हैं। 

दरअसल बिहार विधान परिषद की पटना स्नातक सीट से चुनाव में मोकामा विधायक अनंत सिंह अपनी ही पार्टी के कैंडिडेट नीरज कुमार के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हुए हैं। अनंत सिंह खुद प्रशांत किशोर की पार्टी के प्रत्याशी अनुज के लिए रोड शो तक कर चुके हैं।  दो दिन पहले ही जेडीयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने कहा था कि यह मामला ललन सिंह के क्षेत्र (मुंगेर लोकसभा) से जुड़ा है, इसलिए उन्हें अनंत सिंह और नीरज से बात करने के लिए पार्टी ने अधिकृत किया है।

इस बीच शनिवार को लखीसराय में एक सभा को संबोधित करते हुए ललन सिंह ने अनंत सिंह व नीरज कुमार का नाम लिये बगैर कहा कि वे किसी के झगड़े में नहीं पड़ते। यदि दोनों मिलने के लिए तैयार हो जाएं तो वे समझौता करवा सकते हैं। इससे अधिक कुछ नहीं कर सकते।  ललन सिंह ने कहा कि आज तक कभी उन्होंने अपने गांव का झगड़ा भी नहीं सुलझाया। 

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों के आपसी विवाद में मैं किसी की पैरवी नहीं करता। अगर मैं किसी एक पक्ष की पैरवी कर दूंगा तो मुझे दूसरे पक्ष की भी पैरवी करनी होगी क्योंकि दोनों ही मेरे वोटर हैं। इसलिए मैं किसी की सिफारिश नहीं करता। वैसे अगर दोनों पक्ष आपस में समझौते के लिए तैयार हो जाएं तो मैं पंचायती जरूर कर देता हूं। ललन सिंह ने इशारों में साफ कर दिया है कि वे अनंत सिंह और नीरज कुमार के झगड़े के बीच में नहीं पड़ने वाले हैं। 

बता दें कि बिहार विधान परिषद की आठ शिक्षक और स्नातक सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान होना है, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। पटना स्नातक एमएलसी सीट पर जेडीयू के उम्मीदवार नीरज कुमार का मोकामा विधायक अनंत सिंह खुलकर विरोध कर रहे हैं। मोकामा विधायक जन सुराज पार्टी के उम्मीदवार अनुज सिंह का समर्थन कर रहे हैं। अनंत सिंह ने अनुज के नामांकन में रोड शो किया। शनिवार को नवादा में आशीर्वाद यात्रा निकालकर वोट भी मांगे। वहीं जेडीयू के भीतर चल रही खींचतान के बीच नीरज कुमार ने मुख्यमंत्री एवं जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार से भी मुलाकात की। मुलाकात में नीतीश कुमार ने नीरज कुमार को चुनाव में मजबूती से लड़ने और जीत के लिए प्रयास करने का संदेश दिया।