बिहार विधान परिषद की 10 सीटों पर हुए चुनाव में एनडीए और महागठबंधन के सभी 10 उम्मीदवार को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया है। बिहार में 10 विधान परिषद सीटों ( 9 रिक्त और 1 उपचुनाव) के लिए नामांकन वापसी की अंतिम तिथि तक किसी भी उम्मीदवार ने अपना पर्चा वापस नहीं लिया। जिसके बाद निर्वाची पदाधिकारी ने एनडीए और विपक्ष के सभी 10 उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया। इनमें निशांत कुमार और भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह भी शामिल हैं। जिन्होंने पहली बार विधान परिषद में एंट्री की है।
भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह को भाजपा ने इस बार विधान परिषद चुनाव में उम्मीदवार बनाया था। अब निर्विरोध निर्वाचन के साथ पवन सिंह एमएलसी बन गए हैं। उन्होंने पहली बार विधान परिषद में एंट्री की है। एनडीए ने कुल 9 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। बीजेपी के खाते से पवन सिंह, संजय मयूख, अनिल ठाकुर और शीला पंडित निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं। इनमें संजय मयूख लगातार तीसरी बार विधान परिषद पहुंचे हैं, जबकि पवन सिंह और शीला पंडित नई राजनीतिक पारी की शुरुआत करेंगे। पवन सिंह और निशांत कुमार सहित सभी नेताओं ने आज अपना-अपना सर्टिफिकेट हासिल किया।
जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) की ओर से निशांत कुमार, भारती मेहता, शिवरानी देवी प्रजापति और ललन कुमार भी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अशरफ अंसारी और राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के सुनील कुमार सिंह भी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए हैं। निर्वाचन प्रक्रिया के तहत नामांकन वापसी का समय बुधवार शाम 3 बजे तक निर्धारित था. लेकिन, किसी भी उम्मीदवार ने अपना नामांकन वापस नहीं लिया। ऐसे में जितनी सीटें थी, उतने ही उम्मीदवार मैदान में थे, इसलिए सभी को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया।
विधान पार्षद का सर्टिफिकेट हासिल करने के बाद स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि बिहार विधान परिषद सदस्य का सर्टिफिकेट लेने आया हूं। पार्टी ने जो मुझ पर विश्वास किया उस पर खड़ा होने का कोशिश करूंगा। उन्होंने कहा कि मेरा सौभाग्य है कि जिस सदन में पिताजी बैठे हैं उसमें मैं बैठूंगा। बिहार को विकसित और समृद्ध बिहार बनाने का पिताजी का जो सपना है उसे पूरा करने का कोशिश करूंगा।
वहीं एमएलसी बनने और सर्टिफिकेट प्राप्त करने के बाद राजद नेता सुनील कुमार सिंह ने अपना सर्टिफिकेट लालू यादव को समर्पित किया है। राजद नेता ने कहा कि लालू जी का आज जन्मदिन हैं, उनके चरणों में हमारा सर्टिफिकेट समर्पित है। चाहे मुद्दा कोई भी हो कभी भी राष्ट्रीय जनता दल का झंडा सदन में झुकने नहीं दूंगा। साथ ही एनडीए को चेतावनी देते हुए सुनील सिंह ने कहा-संख्या मायने नहीं रखता है। हमलोग 15 भी हैं तो आपके 65 पर भारी पड़ेंगे।