'अब एक ही गाड़ी से निकलूंगी' सम्राट के मंत्रियों ने उठाया बड़ा कदम, PM मोदी की अपील का दिखने लगा असर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोना नहीं खरीदने, पेट्रोल और डीजल का कम इस्तेमाल करने की अपील का असर बिहार में दिखने लगा है। सम्राट सरकार के मंत्री अब खुलकर पीएम मोदी के समर्थन में आ गए हैं।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : May 12, 2026, 6:51:00 PM

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोना नहीं खरीदने, पेट्रोल और डीजल का कम इस्तेमाल करने की अपील का असर बिहार में दिखने लगा है। सम्राट सरकार के मंत्री अब खुलकर पीएम मोदी के समर्थन में आ गए हैं। डिप्टी सीएम विजय चौधरी, मंत्री लेसी सिंह और मंत्री शीला मंडल ने बड़ा कदम उठाया है और प्रधानमंत्री की अपील का समर्थन करते हुए खुद से भी पहल शुरू करने की बात कही। 

पीएम मोदी की अपील पर बिहार के मंत्रियों ने अमल करना शुरू कर दिया है। किसी ने सरकारी वाहनों की संख्या घटाने का फैसला लिया तो किसी ने पेट्रोल बचाने और महिलाओं से सोना नहीं खरीदने की अपील की है।  डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान का पूरे देश को समर्थन करना चाहिए। उन्होंने कहा-मैंने खुद अपने वाहनों की संख्या आधी कर दी है। जरूरत पड़ेगी तभी सरकारी यात्रा पर जाऊंगा।  

वहीं मंत्री शीला मंडल ने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान का समर्थन करना देश के हर नागरिक की जिम्मेदारी है।  उन्होंने कहा-मैंने खुद तय किया है कि अब एक ही गाड़ी से निकलूंगी। जरूरत नहीं होगी तो यात्रा भी नहीं करूंगी।  साथ ही मंत्री ने महिलाओं से भी सोना नहीं खरीदने को लेकर प्रधानमंत्री की अपील का समर्थन करने का आग्रह किया। 

मंत्री लेसी सिंह ने भी प्रधानमंत्री के आग्रह का समर्थन करते हुए कहा कि पूरा बिहार इस पहल के साथ खड़ा होगा।  उन्होंने कहा कि पेट्रोल बचाने के लिए सरकार और जनता दोनों को आगे आना होगा। साथ ही उन्होंने महिलाओं से भी देशहित में एक साल तक सोना नहीं खरीदने की अपील की। 

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से एक साल तक सोना नहीं खरीदने, पेट्रोल और डीजल का कम इस्तेमाल करने और विदेश में डेस्टिनेशन वेडिंग से बचने की भी सलाह दी है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के लिए ऑनलाइन क्लासेज का इस्तेमाल किया जा सकता है। पीएम का कहना है कि वैश्विक आर्थिक चुनौतियां सामने आई और अब पश्चिम एशिया में तनाव है। इसका असर दुनियाभर में देखा जा रहा है। इंडिया भी इसके असर से अछूता नहीं है।