बिहार के जमुई और समस्तीपुर में हुई छेड़छाड़ की घटना ने देश को हिलाकर रख दिया है। इस घटना के बाद से बिहार की राजनीति भी गरमा गई है। इस मामले को लेकर बिहार सरकार में मंत्री अशोक चौधरी ने बेतुका बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बिहार 14 करोड़ का आबादी वाला प्रदेश है। दुष्ट, अनपढ़, जाहिल, गंवार और देहाती लोगों की कमी नहीं है जो कानून का राज स्थापित करने में बिहार को बदनाम करते हैं। मंत्री अशोक चौधरी के बयान पर बिहार की सियासत गरमा गई है। आरजेडी ने जेडीयू और एनडीए पर निशाना साधा है। तेजस्वी यादव ने एनडीए पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि चुनाव के समय बिहारी पूजनीय होते हैं और चुनाव जीतते ही एनडीए की सोच बदल जाती है। अशोक चौधरी के विवादित बयान पर पलटवार करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि मंत्री की बौखलाहट, चिड़चिड़ाहट, झल्लाहट, झुंझलाहट खिसियाहट एवं घबराहट स्पष्ट बता रही है कि बिहार में घोर प्रशासनिक अराजकता और अंधेरा व्याप्त हो चुका है।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर अशोक चौधरी के विवादित बयान पर पलटवार करते हुए लिखा है-मंत्री की बौखलाहट, चिड़चिड़ाहट, झल्लाहट, झुंझलाहट खिसियाहट एवं घबराहट स्पष्ट बता रही है कि बिहार में घोर प्रशासनिक अराजकता और अंधेरा व्याप्त हो चुका है।
मंत्री जी चौधराहट में बिहार के जघन्य अपराधों की तुलना अमेरिका और जापान से करते हुए कहते है कि वहाँ भी बलात्कार, हत्या और अपराध होते है। मिमियाहट में देश के सबसे गरीब और पिछड़े राज्य बिहार की समतुलना अमेरिका के निवेश, प्रति व्यक्ति आय और विकास इत्यादि की बजाय अपराध से कर खुद, स्वयं की पार्टी और अंधभक्तों को गौरवान्वित महसूस करा रहे है
मंत्री की हकलाहट में छलकपट भी टपक रहा है। सामान्य दिनों में फंसने पर यूट्यूबर्स के सामने ये तुतलाहट में लिपटी घिसी-पिट्टी एक दो पंक्ति अंग्रेजी में बक निकल जाते थे लेकिन आज बेचारे उकताहट में पत्रकारों को धरा गए।
तेजस्वी यादव ने अशोक चौधरी पर हमला बोलते हुए लिखा है-ये मान रहे है कि 2005 से पहले बिहार राज्य अपराध नियंत्रण में अमेरिका और जापान से बेहतर था। वैसे भी ये तीन बेटियों के पिता है और इनकी बेटी अमेरिका में पढ़ती है इसलिए इन्हें ऐसे मामलों में संवेदनशील होना चाहिए लेकिन सरकार की नाकामी स्वीकारने की बजाय ये अमेरिका के नाम पर बिहार के अपराध का ठीकरा फोड़ रहे है।