बिहार में भगवा पर सियासी तूफान, 'आपका भी सारा चिट्ठा हमारे पास है' भाई वीरेंद्र खूब गरजे, MLC ने भी बोला हमला

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : Jul 20, 2026, 1:51:00 PM

बिहार के मॉडल स्कूलों के भगवा रंग को लेकर बिहार की सियासत तेज हो गई है। मानसून सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही में शामिल होने पहुंचे आरजेडी विधायक और एमएलसी ने सरकार पर जमकर  निशाना साधा। आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र ने बिहार के शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी पर हमला बोलते हुए कहा कि ज्यादा उजबुजाइएगा तो काम खराब हो जाएगा नहीं, आपका भी सारा काला चिट्ठा हमारे पास है। वहीं राजद विधान पार्षद कारी सुहैब ने कहा कि भाजपा वाले अपने घर का भगवाकरण क्यों नहीं कर रहे हैं। 

दरअसल बिहार विधानमंडल का पांच दिवसीय मानसून सत्र आज यानी सोमवार से शुरू हो गया। पांच दिनों तक चलने वाला यह सत्र 24 जुलाई तक चलेगा। मानसून सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही में शामिल होने पहुंचे आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि सरकार की यह गलत नीति है। विद्यालय भगवा नहीं होता है। तिरंगा में अगर करते तो बात समझ में आती। तीनों रंग में अगर स्कूल का रंग करते तो समझा जा सकता था लेकिन स्कूल का रंग भगवा करना हमलोगों के समझ से परे है। इसको समझने के बाद हमलोग राज्यव्यापी चर्चा का विषय रखेंगे।

उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में महागठबंधन इसपर चर्चा करेगा कि आखिर भगवा रंग से स्कूल को क्यों रंगा गया। ये सब गलत बात है, किसी की सरकार आती जाती है। स्कूलों के रंग को आप भगवाकरण कीजिएगा तो संदेश गलत जाएगा। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री ज्यादा उजबुज कर रहे हैं। उनसे मैं कहूंगा कि उजबुजाइए मत, आपका सारा चिट्ठा हमलोगों के पास है और अगर उजबुजाइएगा तो काम खराब हो जाएगा। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर बिहारव्यापी और देशव्यापी आंदोलन किया जाएगा। वंदे मातरम विधेयक पर भाई वीरेंद्र ने कहा कि उनकी पार्टी इसके खिलाफ नहीं है। उन्होंने कहा कि पहले विधेयक का अध्ययन करेंगे, उसके बाद विस्तृत प्रतिक्रिया देंगे।

वहीं राजद विधान पार्षद कारी सुहैब ने कहा कि भाजपा के लोग स्कूल और शिक्षा का भगवाकरण हो रहा है। भाजपा वाले अपने घर का भगवाकरण क्यों नहीं कर रहे हैं। भाजपा सरकार को शिक्षा से कोई मतलब नहीं है। वो तो विश्वविद्यालय तोड़ रही है। 

आरजेडी के विरोश पर जदयू विधान पार्षद खालिद अनवर ने कहा कि मॉडल स्कूल का आइडिया नीतीश कुमार का है। स्कूल के रंग पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। स्कूल की शिक्षा पर बात होनी चाहिए। सरकार शिक्षा को लेकर गंभीर है। राजद लोकप्रियता पाने को राजनीति कर रहा है। विपक्ष के पास कोई एजेंडा नहीं है।