सम्राट सरकार की पहली फुल कैबिनेट बैठक में DA बढ़ोतरी पर लग सकती है मुहर, हो सकते हैं बड़े ऐलान

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आज कैबिनेट की बैठक है। बिहार की नई सरकार के गठन और मंत्रियों के शपथ ग्रहण के बाद आज पहली बार फुल कैबिनेट बैठक बुलाई गई है।

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Amit Kumar
Updated at : May 13, 2026, 10:51:00 AM

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में आज कैबिनेट की बैठक है। बिहार की नई सरकार के गठन और मंत्रियों के शपथ ग्रहण के बाद आज पहली बार फुल कैबिनेट बैठक बुलाई गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में पटना सचिवालय में सुबह 10:30 बजे से होने वाली इस बैठक में कई बड़े फैसले लिए जा सकते हैं। इस बैठक में अहम विभागीय प्रस्तावों, विकास योजनाओं, वित्तीय फैसलों और प्रशासनिक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

नई सरकार बनने के बाद यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है, क्योंकि इसमें सरकार आने वाले दिनों की प्राथमिकताओं और योजनाओं की रूपरेखा तय कर सकती है। माना जा रहा है कि इस दौरान विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर, वित्तीय फैसलों और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ दोनों डिप्टी सीएम विजय चौधरी और बिजेंद्र यादव भी बैठक में मौजूद रहेंगे। इसके अलावा हाल ही में मंत्रिमंडल में शामिल किए गए नए मंत्रियों की मौजूदगी भी इस बैठक को और अहम बना रही है।

आज होने वाली कैबिनेट बैठक पर राज्य के लाखों सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की नजर टिकी हुई है। चर्चा है कि सरकार कर्मचारियों के लंबित 2 प्रतिशत महंगाई भत्ते यानी डीए पर फैसला ले सकती है। बिहार के 11 शहरों में सैटलाइट टाउन विकसित करने की योजना पर तेजी से काम चल रहा है। माना जा रहा है कि आज की बैठक में रोजगार, निवेश और शहरी विस्तार से जुड़े कई नए प्रस्तावों पर चर्चा हो सकती है। 

बता दें कि सम्राट चौधरी सरकार की पिछली कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसलों पर मुहर लगी थी। उस बैठक में कुल 20 एजेंडों को मंजूरी दी गई थी। सबसे बड़ा फैसला पथ निर्माण विभाग से जुड़ा था, जहां राज्य की करीब 19 हजार 305 किलोमीटर सड़कों के रखरखाव और मरम्मत के लिए 15 हजार 968 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मंजूर की गई थी। सरकार ने इसे बिहार की सड़क व्यवस्था को आधुनिक और बेहतर बनाने की दिशा में बड़ा कदम बताया था।