बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दिल्ली दौरे पर एनडीए के बड़े नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से भी सीएम मिल रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को सम्राट चौधरी ने दिल्ली में केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी से भी मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद जीतनराम मांझी ने कहा कि सम्राट चौधरी कच्चे खिलाड़ी नहीं हैं। मांझी के इस बयान के बाद बिहार के सियासी गलियारे में चर्चा तेज हो गई है।
रविवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात के बाद जीतन राम मांझी ने कहा कि सम्राट चौधरी कच्चे खिलाड़ी नहीं हैं, बल्कि अनुभवी नेता हैं जो हालात की नब्ज़ अच्छी तरह समझते हैं। सीएम सम्राट से मुलाकात पर मांझी ने कहा कि यह सम्राट चौधरी का बड़प्पन है कि वे सभी वरिष्ठ नेताओं से राय ले रहे हैं। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने उन्हें “पिता तुल्य” बताते हुए आशीर्वाद लेने की बात कही। साथ ही मांझी ने सुझाव दिया कि सभी वर्गों को साथ लेकर फैसले लिए जाएं।
वहीं अपने बेटे संतोष कुमार सुमन के मंत्री बनने और विभाग को लेकर केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने कहा कि जब मुख्यमंत्री उन्हें अपना “गार्जियन” मानते हैं और संतोष को भाई जैसा बताते हैं, तो फिर फैसले पर सवाल उठाने की जरूरत नहीं है। बताया जा रहा है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मिलने के बाद सम्राट चौधरी कैबिनेट का विस्तार कर सकते हैं।
बता दें कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी दिल्ली दौरे पर हैं। जहां वह बीजेपी समेत एनडीए के नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं। इसी कड़ी में रविवार को सीएम सम्राट चौधरी ने केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी से मुलाकात की है। आज सीएम गृहमंत्री अमित शाह से भी मुलाकात करेंगे, जहां मंत्रियों के नामों पर फाइनल मुहर लग सकती है। माना जा रहा है कि लंबे समय से अटकी प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है और मंत्रियों के नामों पर जल्द ही मुहर लग सकती है। बताया जा रहा है कि 5-6 मई को सम्राट कैबिनेट का विस्तार हो सकता है।