बिहार विधान परिषद उप-चुनाव के दौरान आरा में भारी हंगामा देखने को मिला है। आरा सदर प्रखंड कार्यालय में मतदान केंद्र पर महागठबंधन समर्थकों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। भोजपुर-बक्सर विधान परिषद उप चुनाव को लेकर भोजपुर और बक्सर के 25 मतदान केंद्रों पर मंगलवार को सुबह से मतदान जारी है। इसी दौरान आरा सदर प्रखंड कार्यालय स्थित मतदान केंद्र पर हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई। हालांकि पुलिस की मुस्तैदी से स्थिति को जल्द ही संभाल लिया गया।
आरा सदर प्रखंड कार्यालय में मतदान केंद्र पर महागठबंधन समर्थकों ने जमकर हंगामा किया। राजद प्रत्याशी सोन कुमार राय के समर्थकों ने दंडाधिकारी पर पक्षपात करने का आरोप लगाया। मतदान केंद्र के पास पार्टी कार्यालय होने को लेकर हंगामा शुरू हो गया। राजद प्रत्याशी के समर्थकों और प्रशासन के बीच हुई इस नोकझोंक ने कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल पैदा कर दिया, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से स्थिति को जल्द ही संभाल लिया गया। हंगामे के बावजूद भोजपुर और बक्सर के कुल 25 केंद्रों पर मतदान की प्रक्रिया जारी रही। इस चुनाव में त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधि और वार्ड पार्षद 'वोटर' हैं, जो जेडीयू के कन्हैया प्रसाद और राजद के सोनू कुमार राय के भाग्य का फैसला कर रहे हैं।
भोजपुर जिले में 14 और बक्सर जिले में 11 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की कतारें लगनी शुरू हो गई थीं। निर्वाचन आयोग और स्थानीय प्रशासन ने इस उप-चुनाव को पारदर्शी बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। किसी भी तरह की बूथ कैप्चरिंग या चुनावी धांधली को रोकने के लिए चप्पे-चप्पे पर दंडाधिकारी और भारी पुलिस बल की तैनाती की गई है। भोजपुर के जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी तनय सुल्तानिया खुद 'अलर्ट मोड' पर हैं। वे लगातार विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर रहे हैं।
बता दें कि बिहार विधान परिषद उपचुनाव के लिए सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हुआ, जो शाम 4 बजे तक चलेगा। भोजपुर जिले में 14 और बक्सर जिले में 11 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। दोनों जिलों को मिलाकर कुल 25 केंद्रों पर वोटिंग हो रही है। इस सीट पर मुख्य मुकाबला जेडीयू उम्मीदवार कन्हैया प्रसाद और राजद समर्थित महागठबंधन प्रत्याशी सोनू कुमार राय के बीच माना जा रहा है। इनके अलावा निर्दलीय उम्मीदवार भी मैदान में हैं।