पटना/आरा। भोजपुर जिले के बेलौटी गांव निवासी स्वर्गीय भरत भूषण तिवारी की मौत के मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। इस बीच बिहार विधान परिषद सदस्य पवन सिंह ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए पूरे मामले की उच्चस्तरीय, निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग की है।
पवन सिंह ने जारी अपने बयान में कहा कि भरत भूषण तिवारी समाज के लिए संघर्ष करने वाले जागरूक और संवेदनशील व्यक्ति थे। उन्होंने हमेशा गरीब, वंचित, दलित, असहाय और बाढ़ पीड़ित परिवारों की आवाज उठाई। कोरोना महामारी और प्राकृतिक आपदाओं के दौरान भी उन्होंने बढ़-चढ़कर समाज सेवा का कार्य किया और जनहित के मुद्दों को प्रशासन के सामने मजबूती से रखा।
एमएलसी ने कहा कि भरत भूषण तिवारी की मृत्यु की घटना ने पूरे समाज को झकझोर कर रख दिया है। इस मामले को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं और विभिन्न माध्यमों से सामने आ रही जानकारियों एवं वीडियो को देखते हुए पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच आवश्यक है, ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में हर नागरिक को न्याय पाने का अधिकार है और कानून का शासन तभी मजबूत माना जाता है, जब हर घटना की निष्पक्ष जांच हो तथा दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। "न्याय केवल होना ही नहीं चाहिए, बल्कि होता हुआ दिखाई भी देना चाहिए।"
पवन सिंह ने बिहार सरकार और संबंधित उच्च अधिकारियों से मांग की कि मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए, ताकि सत्य सामने आए और आम जनता का न्याय व्यवस्था पर विश्वास कायम रहे। उन्होंने कहा कि वह जल्द ही पीड़ित परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त करेंगे और निष्पक्ष जांच की मांग को और मजबूती से उठाएंगे।
अंत में उन्होंने स्वर्गीय भरत भूषण तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका सामाजिक योगदान सदैव स्मरणीय रहेगा और उनकी स्मृतियां लोगों को समाज सेवा के लिए प्रेरित करती रहेंगी।