बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना जारी है। चौथे राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद भी जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर बढ़त बनाए हुए हैं। ताजा आंकड़ों के अनुसार, प्रशांत किशोर को अब तक 6,269 वोट मिले हैं। भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा को 5,124 वोट हासिल हुए हैं, जबकि राजद की रेखा गुप्ता को 884 वोट मिले हैं। इस तरह चौथे राउंड के बाद प्रशांत किशोर 1,145 वोटों की बढ़त के साथ पहले स्थान पर बने हुए हैं।
अभी कई राउंड की मतगणना बाकी है, इसलिए मुकाबला पूरी तरह खुला हुआ है। फ़िलहाल चौथे राउंड में प्रशांत किशोर का मार्जिन घटा है जबकि बीजेपी ने वापसी की है। बांकीपुर में चौथे राउंड की मतगणना को लेकर जन सुराज की टीम ने दावा किया है कि इस राउंड में भाजपा को मामूली बढ़त मिली है। टीम के मुताबिक, चौथे राउंड में भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा को 1,254 वोट, जबकि जन सुराज के प्रशांत किशोर को 1,237 वोट मिले हैं। वहीं, राजद उम्मीदवार को 117 वोट हासिल हुए हैं।
अभी तक 31 में से 4 राउंड की मतगणना पूरी हुई है। शुरुआती चार राउंड में प्रशांत किशोर ने अपनी बढ़त कायम रखी है, हालांकि चौथे राउंड में भाजपा ने भी कड़ी टक्कर दी। इस बीच बिहार सरकार के पर्यटन मंत्री केदार गुप्ता ने भी जीत को लेकर कहा कि हमारी जीत सुनिश्चित है। बांकीपुर हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष जी की सीट है। वहां से वो हमेशा से जीते हैं तो इस बार भी बीजेपी के नीरज सिन्हा जीतेंगे। प्रशांत किशोर या तेजस्वी हो ये सब हारेंगे। वहीं बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के वोटों की गिनती पर जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन ने कहा-बीजेपी के नेतृत्व वाले NDA के उम्मीदवार नीरज सिन्हा की ऐतिहासिक अंतर से जीत पक्की है। चाहे प्रशांत किशोर हों या कोई अन्य उम्मीदवार और यहां चुनाव लड़ रहे अलग-अलग राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, तमाम राजनीतिक शोर-शराबा पहले ही हो चुका है।
प्रशांत किशोर के समर्थक बड़ी संख्या में ए एन कॉलेज के बाहर जमा हो गए हैं। पीके के समर्थकों का जोश हाई नजर आ रहा है। वो यहां जोरदार नारे लगा रहे हैं। बांकीपुर से जनसुराज के प्रत्याशी प्रशांत किशोर लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। चौथे राउंड में जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर को 1237 वोट मिला है, जबकि भाजपा के नीरज सिन्हा को 1254 वोट। इससे चौथे राउंड की गिनती के बाद प्रशांत किशोर की नीरज सिन्हा पर लीड में मामूली कमी आई है। जबकि भाजपा खेमे को आगामी राउंड में वापसी की उम्मीद है। राजद भी अभी मुकाबले से बाहर नहीं माना जा रहा है और पार्टी के कार्यकर्ता आगे की मतगणना पर नजर बनाए हुए हैं।