पटना के बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव के लिए गुरुवार को मतदान के बाद अब रिजल्ट की बारी है। अब सबकी नजरें 3 अगस्त 2026 पर टिकी हैं, जब उपचुनाव के नतीजे सामने आएंगे। 3 अगस्त को बांकीपुर उपचुनाव की मतगणना होगी। सुबह 8 बजे से एएन कॉलेज में काउंटिंग शुरू होगी। इस बीच जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बांकीपुर उपचुनाव को लेकर प्रशासन पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पटना SSP पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रशांत किशोर ने ने कहा कि चुनावी माहौल खराब करने के नाम पर लोकल को डिटेन किया गया। उन्होंने पटना SSP के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। प्रशांत किशोर ने आरोप लगाया कि पुलिस ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर उनके समर्थकों को प्रताड़ित किया। उन्होंने कहा कि एसएसपी को सार्वजनिक रूप से बताना चाहिए कि 54 लोगों को किस आधार पर हिरासत में लिया गया और उनमें भाजपा के कितने कार्यकर्ता शामिल थे।
उधर 3 अगस्त को बांकीपुर उपचुनाव की मतगणना होगी। बोरिंग रोड पर मतगणना के दौरान वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। 150 जवानों के साथ ट्रैफिक पुलिस तैनात रहेगी। EVM की तीन-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू है। सबसे अंदर 25 केंद्रीय अर्धसैनिक बल के जवान तैनात रहेंगे। दूसरे घेरे में 20 बीसैप जवान, बाहरी सुरक्षा पटना पुलिस के जिम्मे होगा। हर शिफ्ट में निगरानी के लिए DSP की तैनाती। 25 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होगा। 422 मतदान केंद्रों के वोटों की गिनती होगी। 14 टेबल पर मतगणना होगी। सुबह 8:00 से 8:30 बजे तक पोस्टल बैलेट की गिनती होगी। 8:30 बजे से EVM मतों की गिनती शुरू होगी और शाम 3 बजे तक परिणाम आने की संभावना है।
जन सुराज पार्टी के संयोजक प्रशांत किशोर पहली बार चुनाव लड़ रहे हैं। दूसरी ओर भाजपा इसे प्रतिष्ठा की लड़ाई मान रही है। वहीं, राजद की रेखा कुमारी गुप्ता पिछले चुनाव में दूसरे नंबर पर रहीं थीं, लेकिन एग्जिट पोल में उनका वोट शेयर चिंता पैदा कर रहा है। मुकाबला भाजपा और जन सुराज के बीच ही कहा जा रहा है। ऐसे में अगर जन सुराज जीत जाती है तो बिहार की राजनीति में नया अध्याय खुलेगा, वहीं अगर बीजेपी इस सीट पर अपनी बढ़त बरकरार रखती है तो यह भी एक नया इतिहास होगा। बांकीपुर भाजपा का पारंपरिक गढ़ रहा है और वर्ष 1995 से यहां बीजेपी लगातार जीतती आ रही है। पिछले चुनाव परिणाम को आंकड़ों में देखें तो नितिन नवीन को 63 प्रतिशत से अधिक वोट मिले थे और उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी राजद की रेखा गुप्ता को 51 हजार से अधिक मतों से मात दी थी। लेकिन, इस बार कम मतदान प्रतिशत के कारण समीकरण बदलने की बातें की जा रहीं हैं।
बता दें कि बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन के राज्यसभा जाने के बाद बांकीपुर सीट खाली हुई। इस सीट पर कुल 25 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। हालांकि मुख्य मुकाबला बीजेपी के नीरज कुमार सिन्हा, जन सुराज और राजद के बीच है। नतीजे 3 अगस्त को आएंगे। भाजपा की गढ़ मानी जाने वाली बांकीपुर सीट पर इस बार त्रिकोणीय मुकाबला है। बीजेपी ने नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है, जबकि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने रेखा गुप्ता को मैदान में उतारा है। वहीं, जन सुराज की ओर से पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर स्वयं चुनाव लड़ रहे हैं।