बिहार में बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज है। सभी राजनीतिक पार्टियों ने इस सीट एड़ी चोटी की जोर लगा दी है। चुनाव में रोड शो के जरिए तेजस्वी यादव ने पूरा समीकरण ही बदल दिया है। इस बीच मंगलवार को चुनाव प्रचार थमने से ठीक पहले पटना की सड़कों पर एक दिलचस्प नजारा देखने को मिला। जब प्रचार के आखिरी दिन पटना की सड़क पर तेजस्वी यादव और पवन सिंह के काफिले आमने-सामने आ गए। दोनों नेताओं की इस तस्वीर ने लोगों का ध्यान खींच लिया और वोटिंग से पहले चुनावी चर्चा तेज हो गई।
दरअसल रोड शो के दौरान तेजस्वी यादव और पवन सिंह का काफिला एक ही सड़क पर आमने-सामने आ गया। दोनों ओर समर्थकों की भीड़ मौजूद थी। कुछ पल के लिए तो सड़क पर हलचल बढ़ गई। वहां मौजूद लोगों की नजरें इसी नज़ारे पर ठहर सी गई। इस दौरान दोनों काफिलों के आमने-सामने आने का दृश्य लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।
एक तरफ नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता के समर्थन में रोड शो कर रहे थे। वहीं दूसरी ओर BJP का प्रचार रथ भी उसी इलाके से गुजर रहा था। जिसमें बीजेपी प्रत्याशी नीरज कुमार सिन्हा और पवन सिंह समेत कई नेता शामिल थे। दोनों काफिलों के आमने-सामने आने से कुछ देर के लिए माहौल काफी गर्म हो गया। बीजेपी कार्यकर्ताओं ने तेजस्वी यादव के काफिले की ओर पार्टी के प्रचार पर्चे उड़ाए। इसके बाद दोनों दलों के समर्थकों ने अपने-अपने नेताओं के समर्थन में नारे लगाए। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस और सुरक्षा कर्मियों ने स्थिति को संभाल लिया।
वहीं दूसरी ओर बिहार में छात्र आंदोलन और सिवान गोलीकांड को लेकर कांग्रेस एक्टिव में है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने आंदोलन के दौरान गिरफ्तार किए गए छात्र नेताओं से जेल में मुलाकात की, वहीं गोलीकांड में घायल छात्रों का अस्पताल पहुंचकर हालचाल जाना। इस बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी सिवान गोलीकांड में घायल छात्रों से फोन पर बात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
यह बातचीत पटना के जयप्रभा मेदांता अस्पताल में कराई गई, जहां एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ मौजूद थे। राहुल गांधी ने घायल छात्रों से उनकी तबीयत के बारे में जानकारी ली और उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। इस दौरान राहुल गांधी ने छात्रों को भरोसा दिलाया कि न्याय की लड़ाई में कांग्रेस उनके साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
इससे पहले बिहार में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी पटना लौटते ही सीधे कंकड़बाग स्थित मेदांता अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने वहां सिवान में छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस फायरिंग में घायल हुए छात्रों से मुलाकात की। मंगलवार को उन्होंने घोषणा की कि अगर वे सत्ता में आते हैं, तो इस आंदोलन में घायल छात्रों और युवाओं को जेपी सेनानियों की तर्ज पर सरकारी नौकरी और पेंशन देंगे। तेजस्वी यादव ने कहा कि निष्पक्ष, सुरक्षित और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली, भ्रष्टाचार के समापन तथा नौकरी-रोजगार के लिए आवाज उठाने वाले छात्रों के साथ वे हर कदम, हर दम साथ खड़े रहेंगे।