राजधानी पटना की सबसे हॉट विधानसभा सीट बांकीपुर पर होने वाले विधानसभा उपचुनाव को लेकर बीजेपी ने अपने कैंडिडेट का ऐलान कर दिया है। भारतीय जनता पार्टी ने बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए अभिषेक कुमार को अपना आधिकारिक उम्मीदवार घोषित कर दिया है। एक तरफ जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत मैदान में हैं। वहीं राजद इस सीट पर पिछले चुनाव में लड़ चुकी उम्मीदवार रेखा गुप्ता को चुनावी मैदान में उतारा है। तीनों कैंडिडेट के नाम सामने आने के बाद विधानसभा उपचुनाव को लेकर चुनावी दलों में सरगर्मी तेज हो गयी है।
बीजेपी ने बांकीपुर सीट से अभिषेक कुमार के नाम का ऐलान किया है। अभिषेक कुमार बीजेपी युवा मोर्चा महानगर अध्यक्ष हैं और कायस्थ समाज से आते हैं। अभिषेक कुमार लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। बीजेपी कैंडिडेट अभिषेक कुमार 9 जुलाई को एनडीए उम्मीदवार के तौर पर नामांकन दाखिल करेंगे। नामांकन के दौरान बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष नितिन नवीन भी मौजूद रहेंगे। बांकीपुर सीट को बिहार की सबसे प्रतिष्ठित और हाई-प्रोफाइल सीटों में माना जाता है। उम्मीदवार घोषित होने के साथ ही बांकीपुर का चुनावी मुकाबला तेज हो गया है। अब सभी की नजर 9 जुलाई के नामांकन और चुनाव प्रचार पर रहेगी।
अभिषेक बीजेपी पटना महानगर, युवा मोर्चा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। अभिषेक बंटी मंडल में महामंत्री और मंत्री के पद पर भी रह चुके हैं। बीजेपी ने एक सामान्य कार्यकर्ता पर भरोसा जताते हुए उम्मीदवार बनाया है, जो वर्षों से संगठन से जुड़े रहे हैं। आरजेडी ने रेखा गुप्ता को बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए अपना प्रत्याशी बनाया है। रेखा गुप्ता वैश्य समाज से आती हैं और एक कारोबारी रही हैं। वहीं जनसुराज से प्रशांत किशोर बांकीपुर सीट से चुनाव लड़ेंगे।
इससे पहले बिहारी बाबू और सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने बड़ा ऐलान करते हुए बांकीपुर में प्रशांत किशोर को समर्थन देने की घोषणा की है। बिहारी बाबू और सांसद शत्रुघ्न सिन्हा ने ट्वीट कर लिखा-बिहार की राजनीति में बड़ा धमाका!!!! एक 'बिहारी बाबू' होने के नाते मुझे यह राजनीतिक घटनाक्रम बेहद रोचक और निश्चित रूप से विस्फोटक प्रतीत होता है। आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है-सबकी एकता। आशा, इच्छा और प्रार्थना है कि आम जनता, विशेषकर युवा पीढ़ी, जाति, धर्म और दलगत सीमाओं से ऊपर उठकर उनका समर्थन करे। जय बिहार! जय हिंद!
बता दें कि बांकीपुर सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना होगी। चुनाव आयोग ने हाल ही में उपचुनाव की घोषणा की थी। यह सीट भाजपा नेता नीतिन नवीन के इस्तीफे के कारण रिक्त हुई थी। नीतिन नवीन के राज्यसभा सदस्य बनने और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने बांकीपुर विधानसभा की सदस्यता छोड़ दी थी। 6 जुलाई से नामांकन प्रक्रिया औपचारिक रूप शुरू हो गई है। निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार इच्छुक उम्मीदवार 13 जुलाई तक अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। सभी उम्मीदवार आखिरी तारीख तक सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। इच्छुक उम्मीदवार 13 जुलाई तक अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। 14 जुलाई को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) होगी, जबकि 16 जुलाई तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।