बिहार में अपराधियों के खिलाफ सम्राट सरकार का एक्शन जारी है। बिहार पुलिस लगातार अपराधियों का एनकाउंटर कर रही है। एनकाउंटर को लेकर सियासत भी तेज है एक तरफ विपक्ष जहां सरकार पर सवाल उठा रही है वहीं मोकामा से जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने खुलकर इसका समर्थन किया है। और कहा है कि जो गलती करेगा वो मारा जाएगा।
शनिवार को राजधानी पटना में पुलिस एनकाउंटर के सवाल पर बाहुबली विधायक अनंत सिंह ने कहा कि सम्राट चौधरी की सरकार अपराधियों के साथ जैसे निपट रही है वह सही तरीका है। उन्होंने कहा कि पुलिस बिल्कुल ठीक तरीके काम कर रही है। जो गलती करेगा उसका एनकाउंटर होगा ही। वह मारा जाएगा। मां बहन को कोई तंग करेगा उसे छोड़ा नहीं जाएगा। जो भी हो रहा है वह सही हो रहा है। जदयू विधायक ने कहा कि जो रात में गलत काम करता है वह सुबह में मारा जाता है। एक सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति आप लोगों को खराब दिखती है। यहां तो हालत ऐसी है कि बदमाश भागे फिर रहे हैं। पुलिस बहुत अच्छा काम कर रही है।
बता दें कि बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने साफ कहा है कि क्राइम, करप्शन और कम्युनिलिज्म से कोई समझौता नहीं होगा। दो दिन पहले सीएम सम्राट ने डीएम-एसपी के साथ मीटिंग में अपराध पर सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस को खुली छूट दी और निर्देश दिया कि बच्चियों से जुड़े अपराधों में अपराधियों की तेरहवीं से पहले फोटो पर माला पहनाएं (कड़ी कार्रवाई करें)। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से साफ तौर पर कहा कि किसी भी आपराधिक या हत्या की घटना में दोषियों को 48 घंटे के अंदर गिरफ्तार करें। 12 से 13 दिनों के अंदर ऐसी सख्त कार्रवाई हो, जो लोगों को दिखे।