बिहार विधानसभा का शीतकालीन सत्र सोमवार, 30 नवंबर से शुरू हो रहा है। शीतकालीन सत्र 30 नवंबर से 4 दिसंबर तक चलेगा। पांच दिनों तक चलने वाला यह सत्र भले ही अवधि के लिहाज से छोटा हो, लेकिन राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से इसके मायने काफी बड़े हैं। विपक्ष के लिए यह सरकार की घेराबंदी करने और चुनावी वादों की कसौटी पर सत्ता को परखने का मौका होगा। इस बीच जदयू ने विपक्ष को निशाने पर लिया है। जदयू के मुख्य प्रवक्ता और विधान पार्षद नीरज कुमार ने कहा है कि सरकार जनहित से जुड़े हर सवाल का जवाब देने के लिए तैयार है। हालांकि, उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर भी जमकर निशाना साधा।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की मौजूदगी पर सवाल उठाते हुए नीरज कुमार ने पूछा-विपक्ष को सरकार से सवाल पूछने का पूरा अधिकार है और सरकार भी हर सवाल का जवाब देगी। लेकिन सवाल उठाने वालों को भी सदन में मौजूद रहना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पहले यह बताएं कि तेजस्वी दिल्ली से लौटे हैं या नहीं और क्या वह विधानसभा सत्र में शामिल होंगे?
पूर्व सांसद आनंद मोहन की प्रस्तावित बिहार यात्रा को लेकर नीरज कुमार ने कहा कि किसी को भी यात्रा करने का अधिकार है। आनंद मोहन भी यात्रा कर सकते हैं। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि यह सर्वोच्च न्यायालय का निर्णय है और इस पर सवाल उठाना उचित नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रा करना आनंद मोहन का अधिकार है, लेकिन न्यायालय के फैसले का सम्मान होना चाहिए।
शिक्षकों की ओर से सातवें वेतन आयोग का लाभ देने की मांग पर नीरज कुमार ने कहा कि इस संबंध में वे सरकार से अनुरोध करेंगे। हालांकि, अंतिम फैसला सरकार को लेना है। उन्होंने कहा कि आज जो लोग सरकारी नौकरी कर रहे हैं, उन्हें यह भी याद रखना चाहिए कि उन्हें नौकरी देने का काम वर्तमान सरकार ने किया है।