बिहार में नीतीश कुमार के इस्तीफे और सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने जमकर हमला बोला है। उन्होंने बार-बार सरकार के गठन को लेकर भी सवाल पूछा है और कहा है कि विगत 𝟔 साल में 𝟓 बार और 𝟏𝟐 वर्षों में 𝟏𝟎 बार सरकार का गठन-पुनर्गठन हो चुका है वहीं कैबिनेट विस्तार में हुई देरी को लेकर भी तेजस्वी यादव ने सम्राट सरकार पर निशाना साधा है।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने शनिवार को एक्स पर ट्वीट कर लिखा है-सत्तालोलुप 𝐍𝐃𝐀 नेताओं ने नैतिकता और लोक लाज की सारी मर्यादाएं त्याग कर प्रदेश को अपनी तृष्णा पूर्ति का अखाड़ा बना लिया है। विगत 𝟔 साल में 𝟓 बार और 𝟏𝟐 वर्षों में 𝟏𝟎 बार सरकार का गठन-पुनर्गठन हुआ है जिसमें चंचल व्यग्र मन के धनी सत्ताकामी नीतीश कुमार ने कारण-अकारण 𝟖 बार मुख्यमंत्री की शपथ ली है। उनकी इस बेसबब क्षणभंगुर विचारधारा और दिग्भ्रमित उत्कंठा ने शासकीय व्यवस्था को अंधेरे में धकेल प्रशासनिक अराजकता, सामाजिक अस्थिरता व अनिर्णय की स्थिति उत्पन्न कर बिहार को दिशाहीन तथा बिहारवासियों को उपहास का पात्र बनाया है।
वहीं सम्राट सरकार के कैबिनेट विस्तार में देरी पर तेजस्वी यादव ने सवाल उठाते हुए कहा कि एक पखवाड़े से केवल 𝟑 लोग ही बिहार चला रहे है। अधूरे मंत्रिमंडल के साथ बिना विमर्श, चिंतन और मनन के ये लोग अलोकतांत्रिक तरीके से मनमर्जी के निर्णय ले रहे है। बता दें कि सम्राट चौधरी ने 15 अप्रैल को बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली और उसी दिन जेडीयू कोटे से विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव भी उपमुख्यमंत्री बने। हालांकि अब तक कैबिनेट का विस्तार नहीं हो सका है। अटकलें है कि सम्राट चौधरी 3 या 6 मई को कैबिनेट का विस्तार कर सकते हैं।