प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक को लेकर 25 जुलाई को छात्र संगठनों के बिहार बंद में सीवान में छात्र प्रदर्शन में AK-47 से गोली चलाने वाले पुलिस जवान को सस्पेंड कर दिया गया है। हालांकि सियासी अपने चरम पर है। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव बिहार लौटते ही इस मुद्दे पर काफी मुखर है। उन्होंने सीवान हिंसा में घायल हुए छात्रों से अस्पताल में जाकर मुलाकात भी की है। अब तेजस्वी यादव को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी का भी साथ मिला है। इस घटना को लेकर राहुल गांधी ने सरकार पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा है कि छात्रों के ख़िलाफ़ पूरा का पूरा सिस्टम ही जानलेवा है।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है-छात्रों के ख़िलाफ़ पूरा का पूरा सिस्टम ही जानलेवा है। खबर आ रही है कि बिहार में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर AK-47 से गोलियां चलाई गई हैं और सैकड़ों छात्रों को गिरफ़्तार करके उनपर FIR की जा रही है। मोदी जी, कहां गया आपका वादा कि छात्रों पर कोई FIR नहीं की जाएगी और उन्हें रिहा कर दिया जाएगा? उल्टा उनपर घातक हमले और बर्बरता की जा रही है।
राहुल गांधी ने आगे लिखा है-दिल्ली में छात्रों पर पेलेट गन चली और बिहार में AK-47। उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार हो या दिल्ली - हर जगह पैटर्न एक ही है। पहले भी कहा है, ये सरकार झूठी है। सुधार इनके बस का नहीं है। अपनी बातों से मुकर जाएगी और हर तरकीब से छात्रों की आवाज़ दबाएगी। मोदी जी, देश के छात्रों से माफ़ी मांगिए। और जिन्होंने छात्रों पर हमला किया है, उन्हें कुचला है उनपर कार्रवाई कीजिए, छात्रों पर नहीं।
वहीं तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा है-देखिए कैसे बिहार में छात्र प्रदर्शनकारियों पर पुलिसकर्मी AK-47 से गोली चला रहा है? संपूर्ण देश में किसी भी छात्र प्रदर्शन में Police Manual का उल्लंघन कर AK-47 से गोली चलाने का यह प्रथम मामला है।
लोकतंत्र में शांतिपूर्ण प्रदर्शन करना नागरिकों का संवैधानिक अधिकार है। अगर यही परिपाटी बनी तो आगे से प्रदर्शन करने वाले वकीलों पर, डॉक्टर्स पर, शिक्षकों पर, जजों पर, हक-अधिकार के लिए लड़ रहे छात्रों-युवाओं, महिलाओं और किसानों पर भी क्या बीजेपी सरकारें AK-47 से गोलियां चलवायेंगी?
तेजस्वी यादव आगे लिखते हैं-कल को कोई भी पुलिसकर्मी किसी भी नेता, मंत्री, मुख्यमंत्री पर भी कभी भी कहीं भी अकारण गोली चला सकता है? क्या ऐसे मामलों में सिर्फ गोली चलाने वाला ही दोषी होगा? उस जिले के SP और उच्च अधिकारियों को अविलंब सस्पेंड करना चाहिए? गृहमंत्री की जवाबदेही तय होनी चाहिए अन्यथा प्रदेश में अराजक स्थिति उत्पन्न हो जाएगी। अपराधी प्रवृति के व्यक्ति को जनता ने बिहार का मुख्यमंत्री नहीं चुना था। यह Elected नहीं Selected CM है।