एआई समिट में कांग्रेस के हंगामे के विरोध में भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा की महिलाएं सड़क पर उतरीं, किया जोरदार प्रदर्शन

नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 'एआई समिट' के दौरान यूथ कांग्रेस के सदस्यों द्वारा टी-शर्ट खोलकर किए गए प्रदर्शन और हंगामे को लेकर बिहार में प्रदर्शन जारी है

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Feb 23, 2026, 6:31:00 PM

पटना: नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 'एआई समिट' के दौरान यूथ कांग्रेस के सदस्यों द्वारा टी-शर्ट खोलकर किए गए प्रदर्शन और हंगामे को लेकर बिहार में प्रदर्शन जारी है। इस घटना से आक्रोशित बिहार भाजपा महिला मोर्चा की महिलाएं आज पटना में जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।  

इस दौरान महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी और सांसद राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनका पुतला दहन किया। भाजपा महिला मोर्चा की महिलाएं बड़ी संख्या में प्रदेश कार्यालय से निकलीं और राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान सभी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और राहुल गांधी के विरोध में लिखे नारे वाली तख्तियां लिए हुए थे और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे।

प्रदर्शन में शामिल राज्यसभा सांसद सह प्रदेश अध्यक्ष महिला मोर्चा की अध्यक्ष धर्मशीला गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी की यह हरकत राष्ट्र के सम्मान के खिलाफ है। स्पष्ट तौर पर उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के इशारे पर यह कुकृत्य कांग्रेस द्वारा किया गया है।  

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की इस हरकत को देश ने नकार दिया है। देश की आज विश्व भर में प्रतिष्ठा बढ़ी है तो राहुल गांधी को परेशानी हो रही है। एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में इस तरह का व्यवधान डालना देश के लोगों के गले नहीं उतर रहा है। इसके लिए राहुल गांधी को देश से माफी मांगनी चाहिए।

इस कार्यक्रम में प्रदेश मंत्री शोभा सिंह, पटना ग्रामीण जिला महिला मोर्चा अध्यक्ष शशि सिंह, पटना महानगर जिला महिला मोर्चा की अध्यक्ष सोनी मिश्रा, प्रदेश उपाध्यक्ष दिव्या गुंजन, प्रदेश मंत्री सीमा पाण्डेय, शशि वल्दिहर, चांदनी पाण्डेय, सीमा झा सहित भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा की अन्य पदाधिकारीगण के अलावा महानगर और पटना ग्रामीण के पदाधिकारी और सदस्य शामिल हुए।