बिहार बोर्ड इंटर परीक्षा के पहले दिन 26 नकलची गिरफ्तार, इस जिले से सबसे ज्यादा मामले

बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा 2 फरवरी से शुरू हो गई है. पहले ही दिन नकलचियों पर सख्ती देखने को मिली. परीक्षा के पहले दिन ही 8 जिलों से 26 परीक्षार्थियों को नकल करते हुए पकड़ा गया

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Karishma Singh
Updated at : Feb 02, 2026, 9:56:00 PM

बिहार बोर्ड इंटरमीडिएट परीक्षा 2 फरवरी से शुरू हो गई है. पहले ही दिन नकलचियों पर सख्ती देखने को मिली. परीक्षा के पहले दिन ही 8 जिलों से 26 परीक्षार्थियों को नकल करते हुए पकड़ा गया. सभी को तत्काल परीक्षा से निष्कासित कर दिया गया. वहीं एक युवक दूसरे की जगह परीक्षा देने पहुंचा था.

बिहार बोर्ड की ओर से इस बार नकल पर पूरी तरह जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई गई है. सभी परीक्षा केंद्रों पर कड़ी निगरानी रखी गई. सीसीटीवी कैमरे, फ्लाइंग स्क्वॉड और दंडाधिकारी की तैनाती की गई है. इसके बावजूद कुछ परीक्षार्थी नकल करते हुए पकड़े गए.

नवादा जिला नकल के मामलों में सबसे आगे रहा. यहां से कुल 13 परीक्षार्थियों को नकल करते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया. जहानाबाद और गोपालगंज से 3-3 परीक्षार्थियों को निष्कासित किया गया. मधेपुरा और भागलपुर से 2-2 छात्र पकड़े गए. गया, अररिया और कटिहार से 1-1 परीक्षार्थी पर कार्रवाई हुई

इस साल इंटर परीक्षा में राज्य भर के 1,762 केंद्रों पर कुल 13 लाख 17 हजार 846 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं. इसमें छात्राओं की संख्या 6 लाख 75 हजार 844 है. जबकि छात्रों की संख्या 6 लाख 42 हजार 2 है. इतनी बड़ी संख्या को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है.