'इंडिया' गठबंधन के दिग्गज नेता और कार्यकर्ता आज दिल्ली में 'वोट चोरी' और चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में मार्च निकाल रहे हैं। बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी इस रैली में शामिल हुए हैं। रैली को संबोधित करते हुए तेजस्वी यादव ने एक बार फिर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि संवैधानिक पद पर बैठे होने के बावजूद मुख्य चुनाव आयुक्त वोटों की चोरी करवा रहे हैं।
रामलीला मैदान के मंच से गरजते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि लोकतंत्र को कुचलने और संविधान को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है. इसके खिलाफ इंडिया गठबंधन की सभी पार्टियां एकजुट हुई हैं। उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली हो रही है। INDIA गठबंधन में कई राजनीतिक दल शामिल हैं और इसे आम जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है।
तेजस्वी यादव ने कहा कि जिस तरीके से वोटों की चोरी हो रही है और लोकतंत्र को कुचला जा रहा है, उसके खिलाफ सभी लोग एक साथ आए हैं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को निशाने पर लेते हुए कहा कि संवैधानिक पद पर बैठकर वोटों की चोरी करवाई जा रही है। तेजस्वी ने दावा किया कि इस पूरे मामले को लेकर लोगों में भारी गुस्सा है और अब इनकी असलियत सामने आ गई है। तेजस्वी यादव ने कहा कि ऐसे लोग ज्यादा दिनों तक टिक नहीं पाएंगे।
बता दें कि दिल्ली के रामलीला मैदान में 'INDIA' गठबंधन की महारैली है। इस रैली में विपक्षी दलों के शीर्ष नेताओं के साथ-साथ कार्यकर्ता, छात्र संगठन और नागरिक समाज के प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। INDIA ब्लॉक की रैली में बड़ी संख्या में समर्थक शामिल हुए। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा, नेशनल कॉन्फ्रेंस के प्रमुख फारूक अब्दुल्ला, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, NCP-SCP सांसद सुप्रिया सुले, TMC नेता ममता बनर्जी, RJD नेता तेजस्वी यादव समेत INDIA ब्लॉक के कई नेता खुली बस में सवार होकर रामलीला मैदान पहुंचे।