पटना: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को शारदीय नवरात्र की महासप्तमी के पावन अवसर पर राजधानी के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों में जगत जननी माँ जगदंबे के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और पूजा-अर्चना कर देश व समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
महासप्तमी के पावन अवसर पर नितिन नवीन ने पटना स्थित शिवपुरी, अटल पथ (सब्जी मंडी) में रामनवमी सेना द्वारा आयोजित श्री दुर्गा पूजा समिति, बोरिंग कैनाल रोड स्थित श्री श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर दुर्गा पूजा समिति, आनंदपुरी के हिमगिरि चौराहा स्थित श्री विजय वाहिनी दुर्गा पूजा समिति, बोरिंग रोड स्थित व्यापार मंडल की दुर्गा पूजा समिति, प्रसिद्ध डाकबंगला चौराहे पर बांकीपुर विधानसभा के जंक्शन मंडल की नवयुवक संघ श्री दुर्गा पूजा समिति ट्रस्ट तथा बांकीपुर विधानसभा के गोलघर मंडल में इनकमटैक्स चौराहे की श्री श्री दुर्गा पूजा समिति (नव युवा मंच) के पंडालों में माँ दुर्गा के दर्शन व पूजा-अर्चना की।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इसके साथ ही बांकीपुर विधानसभा के कृष्णा मंडल स्थित श्री कृष्णापुरी दुर्गा पूजा समिति (भद्रकाली मंदिर के सामने, कृष्णा अपार्टमेंट के पास) में भी दर्शन किए, जहाँ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी विशेष रूप से उनके साथ मौजूद रहे। इसके अतिरिक्त नवीन ने बांकीपुर विधानसभा के कदमकुआँ मंडल में श्री श्री निशा देवी स्थान ट्रस्ट दुर्गा पूजा समिति, न्यू एरिया सार्वजनिक दुर्गा पूजा समिति, नव युवक संघ तथा पिरमोहनी (उमा सिनेमा) की श्री श्री दुर्गा पूजा समिति (नव युवक संघ) द्वारा आयोजित पंडालों में पहुँचकर भी माँ जगदंबा के समक्ष शीश नवाया। पंडालों में दर्शन एवं पूजा-अर्चना के उपरांत, नितिन नवीन ने राजधानी के ऐतिहासिक गांधी मैदान पहुँचकर वहाँ आयोजित भव्य रामलीला में शिरकत की और रामलीला मंचन का औपचारिक उद्घाटन किया।
इस अवसर पर सभी देशवासियों को शुभकामनाएँ देते हुए नितिन नवीन ने कहा कि नवरात्र और दुर्गा पूजा के इस पावन पर्व पर वे सभी बिहारवासियों, देशवासियों और पटना के अपने भाई-बहनों को बहुत-बहुत बधाई देते हैं। पटना के विभिन्न पूजा पंडालों में माँ दुर्गा के दर्शन का सौभाग्य मिला। माँ दुर्गा की नौ दिनों की आराधना हम सभी को नई शक्ति, ऊर्जा और यश प्रदान करती है। पटना के विभिन्न पंडालों और पूरे बिहार में हर साल जिस उत्साह और उमंग के साथ दुर्गा पूजा का आयोजन होता है, वह हम सभी के लिए अविस्मरणीय रहता है। उन्होंने कामना की कि माँ जगदंबा की आराधना हम सभी को शक्ति और उत्साह प्रदान करती रहे, ताकि सभी मिलकर सेवा भाव से बिहार और देश के विकास में काम करते रहें।
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने आगे कहा कि माँ दुर्गा हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को यश और कीर्ति प्रदान करें तथा उन्हें सदैव अपनी शक्ति से आशीर्वाद देती रहें, ताकि वे इसी प्रकार देश के 140 करोड़ लोगों की सेवा करते रहें। पश्चिम बंगाल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि यह अत्यंत हर्ष की बात है कि जहाँ पहले माँ की पूजा-अर्चना पर पाबंदियां लगाई जाती थीं, आज वहाँ प्रत्येक व्यक्ति स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा है और इस बार पश्चिम बंगाल में भी पूरे उत्साह के साथ माँ दुर्गा की आराधना हो रही है। यह सनातन के सभी वाहकों के लिए अत्यंत उत्साह का समय है। उन्होंने कहा कि माँ जगदम्बा सबके जीवन में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखें।