बीजेपी के विधान पार्षद (MLC) और भोजपुरी गायक व अभिनेता पवन सिंह ने अपने परिवार और खानदान से रिश्ता खत्म करने का ऐलान कर हलचल मचा दी है। उन्होंने एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि अब बर्दाश्त की सीमा पार हो चुकी है। पोस्ट में उन्होंने अपनी मां और सबसे बड़े भाई रानू सिंह का अलग से जिक्र करते हुए लिखा कि वे दोनों के लिए हमेशा खड़े रहेंगे। इस पोस्ट के पीछे पारिवारिक विवाद की असली वजह क्या है, इसका खुलासा उन्होंने नहीं किया है। इस पोस्ट के सामने आने के बाद कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
पवन सिंह ने पोस्ट की शुरुआत भोजपुरी की दो पंक्तियों से की गई है। इसके बाद पवन सिंह ने लिखा कि वे बेहद दुखी होकर यह बात सार्वजनिक कर रहे हैं। उन्होंने भोजपुरी समाज से हाथ जोड़कर क्षमा भी मांगी। पवन सिंह ने अपनी पोस्ट में साफ शब्दों में लिखा कि आज और अभी से उनका अपने पूरे परिवार और खानदान से कोई रिश्ता नहीं है। पवन सिंह ने पोस्ट में इस फैसले की वजह का खुलासा नहीं किया है।
पवन सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा है-जब घर के चक्कर में पड़ जालें आदमी..सब वेद शास्त्र भुला जालें आदमी...बर्दाश्त की सीमा पार होने के बाद बहुत दुखी होके पोस्ट कर रहा हूँ...और आप सभी भोजपुरिया समाज से हाथ जोड़ के क्षमा चाहता हूँ और बता रहा हूँ कि मेरा मेरे पूरे परिवार से और खानदान से आज और अभी से कोई रिश्ता नहीं है...हाँ जो मुझे पैदा की है मेरी माँ और मेरा सबसे बड़ा भाई रानू सिंह उसके लिए जब तक जिंदा हूँ जान हाजिर है.....
बता दें कि पवन सिंह की निजी जिंदगी भी लंबे समय से चर्चा में रही है। उनकी पहली शादी साल 2014 में नीलम सिंह से हुई थी। शादी के करीब एक साल बाद नीलम की मौत हो गई थी। इसके बाद 6 मार्च 2018 को पवन सिंह ने उत्तर प्रदेश के बलिया में ज्योति सिंह से दूसरी शादी की। शादी के कुछ महीनों बाद ही दोनों के रिश्तों में तनाव की खबरें आने लगीं। अप्रैल 2022 में ज्योति सिंह ने तलाक के लिए अदालत में अर्जी दाखिल की। इसके बाद पवन सिंह ने भी आरा फैमिली कोर्ट में तलाक की अर्जी लगाई। दोनों के बीच कई बार सुलह की कोशिश भी हुई, लेकिन मामला अब तक सुलझ नहीं पाया है। ज्योति सिंह के वकील के मुताबिक, उन्होंने अदालत से मांग की थी कि अगर पवन सिंह उन्हें साथ नहीं रखना चाहते तो 10 करोड़ रुपये और एक मकान गुजारा भत्ते के तौर पर दें।