2012 से छठ व्रतियों की सेवा कर रही नवनिर्माण संस्था, बुजुर्गों को घाट तक पहुंचाने में भी करती है मदद

लोक आस्था के महापर्व छठ पर श्रद्धालुओं की सेवा में नवनिर्माण संस्था के सदस्य पूरी तत्परता से जुटे रहे। संस्था वर्ष 2012 से लगातार छठ व्रतियों की सेवा करती आ रही है।

जहानाबाद : लोक आस्था के महापर्व छठ पर श्रद्धालुओं की सेवा में नवनिर्माण संस्था के सदस्य पूरी तत्परता से जुटे रहे। संस्था वर्ष 2012 से लगातार छठ व्रतियों की सेवा करती आ रही है। साल में दो बार होने वाले छठ पर्व के दौरान संस्था की पूरी टीम घाटों पर पहुंचकर श्रद्धालुओं की मदद करती है। इस बार भी संध्या अर्घ्य से लेकर प्रातःकालीन अर्घ्य तक व्रतियों के लिए दूध, धूप, अगरबत्ती और प्रसाद की व्यवस्था की गई। वहीं, व्रत संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं के लिए चाय और नींबू पानी उपलब्ध कराया गया।

संस्था के सदस्य केवल प्रसाद वितरण तक सीमित नहीं रहते, बल्कि बुजुर्ग और असहाय व्रतियों की मदद भी करते हैं

संस्था के सदस्य केवल प्रसाद वितरण तक सीमित नहीं रहते, बल्कि बुजुर्ग और असहाय व्रतियों की मदद भी करते हैं। जिन लोगों को घाट तक पहुंचने में परेशानी होती है, उन्हें सहारा देकर घाट तक पहुंचाते हैं। पूजा के दौरान बैठने की व्यवस्था करने के साथ जरूरत पड़ने पर अन्य सहायता भी उपलब्ध कराते हैं। संस्था की खासियत यह है कि इसका सेवा कार्य केवल छठ महापर्व तक सीमित नहीं है। होली समेत अन्य पर्व-त्योहारों पर भी सदस्य सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं। जरूरतमंद बच्चियों की शादी में सहयोग करने के साथ असहाय लोगों की मदद भी करते हैं।

संस्था के सदस्य संजय शर्मा ने कहा- संगठन अभी आर्थिक व संसाधनों के लिहाज से बहुत मजबूत नहीं है

संस्था के सदस्य संजय शर्मा ने बताया कि संगठन अभी आर्थिक और संसाधनों के लिहाज से बहुत मजबूत नहीं है, लेकिन सभी सदस्यों के आपसी सहयोग से हर वर्ष सेवा का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि लोगों की मदद करने से आत्मिक संतुष्टि मिलती है। अपने निजी कार्यों के साथ समय निकालकर छठ व्रतियों की सेवा करना उनका उद्देश्य है। जब तक शरीर में प्राण रहेगा और वे स्वस्थ रहेंगे, तब तक छठ व्रतियों की सेवा करते रहेंगे।

जहानाबाद से बरुण कुमार की रिपोर्ट