‘हबीबी राहुल, तुम कब आओगे?’ छात्रों से राहुल गांधी की बातचीत पर BJP का तंज

‘हबीबी राहुल, तुम कब आओगे?’ छात्रों से राहुल गांधी की बातचीत पर BJP का तंज

रांची में JPSC और JSSC परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन लगातार जारी है। छात्रों के समर्थन में अब तक विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और मंत्री उनसे मुलाकात कर चुके हैं। इसी क्रम में गुरुवार को कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रदर्शनरत छात्रों से फोन पर बातचीत की। इस बातचीत को लेकर अब झारखंड बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है।

झारखंड बीजेपी के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने राहुल गांधी की छात्रों से हुई वर्चुअल बातचीत पर सवाल उठाते हुए कहा कि आंदोलन कर रहे विद्यार्थियों को केवल ऑनलाइन संवाद या सहानुभूति नहीं, बल्कि प्रत्यक्ष समर्थन की जरूरत है। उन्होंने राहुल गांधी से पूछा कि अगर वह केंद्र के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते रहे हैं, तो झारखंड में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के खिलाफ भी इसी तरह की मांग कब उठाएंगे।

प्रतुल शाहदेव ने कहा कि राज्य में छात्रों से जुड़े परीक्षा विवाद को लेकर राहुल गांधी को केवल फोन पर बात करने के बजाय उनके बीच पहुंचकर उनकी आवाज को समर्थन देना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर राहुल गांधी केंद्र के शिक्षा मंत्री से इस्तीफा मांग सकते हैं, तो उन्हें झारखंड के मुख्यमंत्री से भी इस्तीफा मांगना चाहिए।

बीजेपी प्रवक्ता ने अपने बयान के अंत में व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि आंदोलन कर रहे छात्रों के बीच अब भी यही सवाल बना हुआ है, “हबीबी राहुल, तुम कब आओगे?”