झारखंड में बदला मौसम का मिजाज, अगले पांच दिनों तक बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी

झारखंड में बदला मौसम का मिजाज, अगले पांच दिनों तक बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Apr 04, 2026, 10:57:00 AM

झारखंड की राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश इलाकों में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ली। दिनभर तेज धूप के बाद शाम होते-होते आसमान में बादल छा गए और फिर लगातार रात तक बारिश होती रही। इस बारिश ने कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति पैदा कर दी, जिससे गली-मोहल्लों में पानी जमा हो गया। राजधानी रांची में लगभग 8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में सक्रिय निम्न दबाव क्षेत्र और उससे जुड़ी चक्रवाती परिसंचरण प्रणाली के प्रभाव से यह बदलाव देखने को मिला है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह मौसमी स्थिति अगले पांच दिनों तक बनी रह सकती है, जिसके दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में गरज के साथ बारिश, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है।

इसको लेकर मौसम विभाग ने राज्य के 14 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें रांची, गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, लातेहार, गिरिडीह, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद और खूंटी शामिल हैं। इस दौरान तापमान में भी गिरावट दर्ज की जा सकती है, जो करीब पांच डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है।

विशेष रूप से 6 अप्रैल को मौसम और अधिक सक्रिय रहने की संभावना जताई गई है। इस दिन कई जिलों में भारी बारिश के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और ओलावृष्टि भी हो सकती है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। प्रभावित जिलों में पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद शामिल हैं।

मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि 7 से 9 अप्रैल के बीच भी राज्य के कुछ क्षेत्रों में बारिश जारी रह सकती है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।