बोकारो जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण तेनुघाट डैम का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए बांध प्रबंधन ने एहतियाती कदम उठाते हुए डैम के तीन रेडियल गेट और एक अंडर स्लूइस गेट खोल दिए हैं। इन गेटों के माध्यम से दामोदर नदी में लगभग 9,970 क्यूसेक (282.32 घन मीटर प्रति सेकेंड) पानी छोड़ा जा रहा है।
बांध प्रमंडल तेनुघाट के अधिकारियों के अनुसार, डैम की अधिकतम जलधारण सीमा 852 फीट निर्धारित है, जिसे खतरे का स्तर माना जाता है। वर्तमान में जलस्तर 850.05 फीट तक पहुंच चुका है और लगातार बारिश के चलते इसमें और वृद्धि की संभावना बनी हुई है। इसी स्थिति को देखते हुए नियंत्रित तरीके से अतिरिक्त पानी की निकासी शुरू की गई है।
अधिकारियों ने बताया कि तेनुघाट डैम की जीवित जल संचयन क्षमता 42,013 हेक्टेयर मीटर है। फिलहाल इसमें 25,807 हेक्टेयर मीटर पानी संग्रहित है। वहीं, डैम की कुल (ग्रॉस) जल भंडारण क्षमता 44,526 हेक्टेयर मीटर निर्धारित की गई है।
बढ़ते जलस्तर को देखते हुए बांध प्रमंडल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दामोदर नदी के तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन ने लोगों से नदी के किनारे जाने से बचने, बच्चों और मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर रखने तथा आसपास के अन्य लोगों को भी संभावित खतरे के प्रति जागरूक करने का अनुरोध किया है। साथ ही नागरिकों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी अपील की गई है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।