रांची में राहगीरों से लूट और चेन स्नैचिंग करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार अपराधी गिरफ्तार

रांची में राहगीरों से लूट और चेन स्नैचिंग करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, चार अपराधी गिरफ्तार

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : May 26, 2026, 11:32:00 AM

राजधानी रांची में हाल के दिनों में हुई लूट और चेन छिनतई की दो अलग-अलग वारदातों का पुलिस ने तेजी से खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान हथियार, चोरी किए गए मोबाइल फोन, सोने के आभूषण और अपराध में इस्तेमाल वाहन भी जब्त किए हैं। गिरफ्तार किए गए कई आरोपियों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है।

पहली घटना सदर थाना क्षेत्र की है, जहां कांटा टोली और कोकर चौक के बीच स्थित कब्रिस्तान के पास देर रात अपराधियों ने टोटो यात्रियों और राहगीरों को डराकर लूटपाट की। 24 मई की रात चार युवकों ने हथियार और चाकू के बल पर लोगों से मोबाइल और नकदी छीन ली थी। घटना के बाद सदर थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए युवक की पहचान नामकुम स्थित मौलाना आजाद कॉलोनी निवासी 28 वर्षीय दिलकश गद्दी के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से देसी कट्टा, एक तेजधार चाकू और लूटे गए चार मोबाइल फोन बरामद किए गए।

जांच में यह भी सामने आया कि दिलकश गद्दी पहले भी कई आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है। उसके खिलाफ डोरंडा, लोअर बाजार और डेली मार्केट थाना क्षेत्रों में लूट और चोरी से जुड़े केस दर्ज हैं। पुलिस फिलहाल फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

मॉर्निंग वॉक से लौट रही बुजुर्ग महिला बनी चेन स्नैचिंग की शिकार

दूसरा मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के हरमू बाईपास रोड इलाके से जुड़ा है। यहां 25 मई की सुबह मॉर्निंग वॉक कर घर लौट रही 75 वर्षीय कृष्णा देवी को बाइक सवार बदमाशों ने निशाना बनाया। अपराधियों ने महिला के गले से सोने की चेन और कान के झुमके छीनकर मौके से फरार हो गए।

घटना की शिकायत पीड़िता के बेटे भानु प्रताप नाथ शाहदेव ने दर्ज कराई, जिसके बाद कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने जांच के दौरान तीन आरोपियों; रोहित कुमार ठाकुर, रोहित राज और अमन सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

रांची सिटी एसपी पारस राणा के अनुसार, आरोपियों के पास से छीने गए सोने के आभूषण, तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन, मास्क और वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक बरामद की गई है। पुलिस जांच में पता चला है कि रोहित ठाकुर और रोहित राज के खिलाफ पहले से चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट से संबंधित कई मामले दर्ज हैं।

रांची पुलिस का कहना है कि शहर में बढ़ती आपराधिक गतिविधियों पर नियंत्रण पाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। संगठित अपराध और छिनतई की घटनाओं में शामिल अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।