राजधानी रांची में पुलिस प्रशासन की रात्रिकालीन कार्यप्रणाली को परखने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन ने देर रात विभिन्न थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शहर के कई प्रमुख थाना क्षेत्रों में पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था, ड्यूटी संचालन और रात के समय पुलिस कर्मियों की सक्रियता का जायजा लिया।
सूत्रों के अनुसार SSP ने कोतवाली, सुखदेवनगर, पंडरा और अपर बाजार समेत कई थानों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने यह जांचा कि रात के समय थानों में पुलिस कार्य किस प्रकार संचालित हो रहा है और सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन सही तरीके से किया जा रहा है या नहीं।
राकेश रंजन ने विशेष रूप से रात्रि ड्यूटी में तैनात अधिकारियों की उपस्थिति, गश्ती व्यवस्था और ओडी अधिकारियों की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने पेट्रोलिंग टीमों की सक्रियता और आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों की भी समीक्षा की।
इस निरीक्षण अभियान में रांची के सिटी एसपी पारस राणा भी उनके साथ मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने थानों में मौजूद पुलिसकर्मियों से बातचीत कर ड्यूटी व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। पुलिस मुख्यालय की ओर से इस तरह के औचक निरीक्षण को कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।