जस्टिस सोनक बने झारखंड HC के नये मुख्य न्यायाधीश, राज्यपाल ने दिलाई शपथ

जस्टिस सोनक बने झारखंड HC के नये मुख्य न्यायाधीश, राज्यपाल ने दिलाई शपथ

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jan 09, 2026, 10:37:00 AM

झारखंड हाई कोर्ट के नव नियुक्त मुख्य न्यायाधीश के रूप में जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक ने शुक्रवार को औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण कर लिया। उनका शपथ ग्रहण समारोह राजधानी रांची के लोक भवन स्थित बिरसा मंडप में संपन्न हुआ, जहां राज्यपाल संतोष गंगवार ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

शपथ ग्रहण से एक दिन पूर्व गुरुवार को जस्टिस सोनक रांची पहुंचे थे। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर हाई कोर्ट के न्यायाधीशों, वरिष्ठ अधिवक्ताओं और रजिस्ट्री के अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

जस्टिस महेश शरदचंद्र सोनक का जन्म 28 नवंबर 1964 को हुआ। उन्होंने स्कूली शिक्षा गोवा के पणजी स्थित डॉन बॉस्को हाई स्कूल से पूरी की। इसके बाद उन्होंने धेम्पे कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड साइंस से बीएससी की पढ़ाई की और एम.एस. कॉलेज ऑफ लॉ, पणजी से प्रथम श्रेणी में एलएलबी की उपाधि प्राप्त की। इसके अलावा उन्होंने जेवियर सेंटर ऑफ हिस्टोरिकल रिसर्च से पुर्तगाली भाषा में डिप्लोमा भी किया है।

विधि के क्षेत्र में उनका सफर अक्टूबर 1988 में महाराष्ट्र एवं गोवा बार काउंसिल में अधिवक्ता के रूप में नामांकन के साथ शुरू हुआ। उन्होंने बॉम्बे हाई कोर्ट की पणजी पीठ में लंबे समय तक सिविल और संवैधानिक मामलों के साथ-साथ श्रम एवं सेवा कानून, पर्यावरण, वाणिज्यिक और कर कानून, कंपनी कानून तथा जनहित याचिकाओं में व्यापक प्रैक्टिस की।

अपने करियर के दौरान जस्टिस सोनक ने केंद्र सरकार के लिए अतिरिक्त स्थायी अधिवक्ता, राज्य सरकार के विशेष अधिवक्ता और विभिन्न सार्वजनिक व निजी निगमों के लिए कानूनी सलाहकार के रूप में भी सेवाएं दीं। उनकी विधिक क्षमता और अनुभव को देखते हुए 21 जून 2013 को उन्हें बॉम्बे हाई कोर्ट का अतिरिक्त न्यायाधीश नियुक्त किया गया था। अब वे झारखंड हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश के रूप में न्यायिक दायित्व संभालेंगे।